कार की पिछली सीट के नीचे बने गुप्त तहखाने में छिपाकर रखी गई थी गांजे की 17 पोटलियां, मुख्य सरगना के घर से इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी बरामद
देशवाणी। आशा कुमारी
मोतिहारी।
हरसिद्धि पुलिस ने नेपाल से तस्करी कर लाया जा रहा करीब 59 किलोग्राम गांजा कार सहित बरामद किया है। पुलिस ने कार चालक समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में झड़वा निवासी नाजिम खान भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, नाजिम इस तस्करी गिरोह का मुख्य सरगना है और नेपाल से गांजा मंगाकर अपने घर से अन्य ठिकानों तक पहुंचाने का काम करता था।
मामले का खुलासा करते हुए अरेराज डीएसपी पंकज कुमार मिश्र ने हरसिद्धि थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि एसपी स्वर्ण प्रभात को मिली गुप्त सूचना के आधार पर मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में यह कार्रवाई की गई। सूचना मिली थी कि नेपाल से रक्सौल होते हुए छपवा के रास्ते एक कार से भारी मात्रा में गांजा अरेराज की ओर ले जाया जा रहा है।
इसके बाद हरसिद्धि थाना के सामने वाहन जांच अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान पुलिस ने एक काले रंग की कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के क्रम में कार की पिछली सीट के नीचे बने गुप्त तहखाने से 17 पोटलियों में छिपाकर रखा गया करीब 59 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। मौके से कार चालक सहिम राय और साबिर हुसैन को गिरफ्तार किया गया। सहिम गोविंदगंज थाना क्षेत्र के खजुरिया बहादुरपुर का निवासी है, जबकि साबिर राय टोला बहादुरपुर का रहने वाला है। छापेमारी टीम मे डीएसपी पंकज कुमार मिश्रा, इंस्पेक्टर अजय कुमार सिंह, थानाध्यक्ष सुनील कुमार, अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार, दारोगा ऋतू जायसवाल सहित अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे।
निशानदेही पर मुख्य सरगना के घर छापेमारी
डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने भादा पंचायत के झड़वा गांव स्थित नाजिम खान के घर पर छापेमारी की। वहां से 135 ग्राम गांजे का सैंपल और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने नाजिम खान को भी गिरफ्तार कर लिया।
डीएसपी पंकज कुमार मिश्र ने बताया कि नाजिम के खिलाफ हरसिद्धि, संग्रामपुर, पीपराकोठी और हरैया थानों में हत्या, लूट, मादक पदार्थों की तस्करी, छिनतई समेत अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस अब इस तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।



