देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। दिल्ली पुलिस द्वारा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के राष्ट्रीय महासचिव एम.ए. बेबी और अन्य केंद्रीय नेताओं को हिरासत में लिए जाने पर बाम दल के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। माकपा के जिला सचिव सत्येंद्र कुमार मिश्रा और राज्य कमिटी सदस्य सह पिपरा विधानसभा क्षेत्र से महागठबंधन के पूर्व प्रत्याशी राजमंगल प्रसाद ने इस पुलिसिया कार्रवाई की कड़ी निंदा की है।
दोनों नेताओं ने अपने संयुक्त बयान में स्पष्ट किया है कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और जनता की आवाज को बलपूर्वक दबाना पूरी तरह से लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें देश में लग रहे वोट चोरी के गंभीर आरोपों, चुनावी पारदर्शिता और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठ रहे सवालों का खुलकर जवाब देना चाहिए। लोकतंत्र में जनता के सवालों का संतोषजनक जवाब देना सत्ता की मुख्य जिम्मेदारी होती है। अंत में, माकपा नेताओं ने हिरासत में लिए गए सभी केंद्रीय नेताओं की तत्काल रिहाई सुनिश्चित करने, देश में लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करने और एक निष्पक्ष चुनावी व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है।



