शांति व्यवस्था को लेकर पुलिस अलर्ट, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध
देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।
लौरिया। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को लौरिया थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने की। इसमें प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पूजा समितियों के सदस्य और क्षेत्र के गणमान्य लोग शामिल हुए।
बैठक में पूजा पंडालों की सुरक्षा, श्रद्धालुओं की भीड़, यातायात व्यवस्था, आपसी भाईचारा और विधि-व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने कहा कि पूजा के दौरान पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। शांति व्यवस्था में खलल डालने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पूजा समितियों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित नियमों के तहत आयोजन करने को कहा।
प्रखंड प्रमुख शम्भू तिवारी ने कहा कि दुर्गा पूजा सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का पर्व है। सभी पूजा समितियां और स्थानीय लोग प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि किसी भी विवाद या अफवाह को बढ़ावा देने के बजाय आपसी बातचीत और प्रशासन के सहयोग से उसका समाधान किया जाना चाहिए।
बीडीओ संजीव कुमार ने कहा कि पूजा के दौरान प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। पूजा समितियों को अपने आयोजन से संबंधित जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराने और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की गई। उन्होंने लोगों से पर्व के दौरान अनुशासन और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का आग्रह किया।
बैठक में नगर पंचायत के वार्ड पार्षद पप्पू मिश्रा, बद्री यादव, वीरेंद्र राय, मो. फिल मियां, सरपंच दीनानाथ ठाकुर, अविनाश शेखर, देउरवा मुखिया मो. सुलेमान, पूजा समिति के अमरेंद्र सिंह, अरुण सिंह, रिक्की कुमार, मनोहर ठाकुर, रितेश गोड़, अंगूर आलम, बिट्टू कुमार, रंजीत कुशवाहा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।



