HomeBIHARबेतियानरकटियागंज में दर्दनाक हादसा: 11 हजार वोल्ट के लटके तार से सटकर...

नरकटियागंज में दर्दनाक हादसा: 11 हजार वोल्ट के लटके तार से सटकर दो लोगों की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश

Bettiah, रवि कुमार मिश्रा।

बेतिया/नरकटियागंज। शिकारपुर थाना क्षेत्र के शेरहवा पीपरा गांव में बिजली विभाग की घोर लापरवाही ने दो लोगों की जान ले ली। 11 हजार वोल्ट के नीचे लटके हाईटेंशन तार की चपेट में आने से दो ग्रामीणों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान खिरिया गाव निवासी दीपक यादव और शेरवा गाव निवासी किशुन चौधरी के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से इलाके में कोहराम मचा हुआ है और ग्रामीणों का गुस्सा बिजली विभाग के खिलाफ फूट पड़ा है। जानकारी के अनुसार, दीपक यादव और किशुन चौधरी बोलेरो से शेरवा पिपरा निवासी जयराम चौधरी के घर छठीहार कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। गांव के मुख्य रास्ते पर एक मिक्सर मशीन खड़ी थी, जिससे रास्ता बाधित हो रहा था। रास्ता साफ करने के लिए दोनों बोलेरो से उतरे और सड़क पर खड़ी मिक्सर मशीन को खुद से हटाने लगे। इसी दौरान मिक्सर मशीन का ऊपरी हिस्सा ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के जर्जर व नीचे झुके हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया। तार से सटते ही पूरी मिक्सर मशीन में तेज करंट दौड़ गया और दोनों उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ कड़ी नाराजगी जााताई है। लोगों का कहना है कि गांव से गुजर रहा हाईटेंशन तार काफी समय से खतरनाक तरीके से नीचे लटका हुआ था। इसको लेकर ग्रामीणों ने कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से लिखित व मौखिक शिकायत की थी, लेकिन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि यदि समय रहते तार को दुरुस्त कर दिया गया होता, तो आज यह बड़ा हादसा टल सकता था। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और शिकारपुर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया जीएमसीएच अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरा गांव शोक में डूबा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular