हरसिद्धि पुलिस ने अरेराज से ट्यूशन पढ़कर लौटने के दौरान लापता किशोरी को बरामद कर आरोपी युवक को भेजा जेल
देशवाणी। आशा कुमारी
मोतिहारी।
हरसिद्धि थाना क्षेत्र के एक गांव से करीब एक माह पूर्व कथित तौर पर अगवा हुई किशोरी को पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले में एक युवक को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान संग्रामपुर थाना क्षेत्र के इमलिया गांव निवासी महेश पासवान के पुत्र उपेंद्र कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी युवक को बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
मालूम हो कि हरसिद्धि थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी बीते 2 सितंबर को घर से ट्यूशन पढ़ने के लिए अरेराज गई थी। ट्यूशन पढ़ने के बाद वह वापस घर नहीं लौटी। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद किशोरी के भाई ने हरसिद्धि थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आवेदन के आधार पर पुलिस ने किशोरी की बरामदगी और मामले में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को किशोरी के संबंध में सुराग मिला। इसके आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे बरामद कर लिया। साथ ही मामले में संलिप्तता के आरोप में उपेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया गया। बरामद किशोरी को पुलिस मेडिकल जांच के लिए मोतिहारी लेकर गई है। मेडिकल जांच के साथ ही पुलिस किशोरी का बयान भी दर्ज कराने की प्रक्रिया में जुटी है।
हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि करीब एक माह से लापता किशोरी को बरामद कर लिया गया है। मामले में गिरफ्तार आरोपी उपेंद्र कुमार को पूछताछ के बाद बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।



