HomeBIHARसंग्रामपुर के चर्चित मनीषा दहेज हत्याकांड में तीन फरार आरोपियों पर एसपी...

संग्रामपुर के चर्चित मनीषा दहेज हत्याकांड में तीन फरार आरोपियों पर एसपी ने रखा 10-10 हजार रूपये का इनाम

एसपी स्वर्ण प्रभात ने की इनाम की घोषणा, पुलिस ने फरार आरोपियों की तस्वीर जारी कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज की

देशवाणी। आशा कुमारी

मोतिहारी।

संग्रामपुर थाना क्षेत्र के परसौना गांव की चर्चित मनीषा देवी दहेज हत्या मामले में फरार चल रहे तीन नामजद आरोपियों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने तीनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। इसके साथ ही पुलिस ने फरार आरोपियों की तस्वीर भी जारी की है, ताकि उनके संबंध में जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना दी जा सके।

फरार आरोपियों में परसौना गांव निवासी राय सुरेश सिंह का पुत्र रितिक कुमार, किरण देवी और साहेबगंज थाना क्षेत्र के भगवानपुर काशी गांव निवासी अखिलेश सिंह की पत्नी निक्कू कुमारी शामिल है। बताया गया है कि निक्कू कुमारी परसौना गांव निवासी ललन सिंह की पुत्री है। पुलिस तीनों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

मालूम हो कि गोविंदगंज थाना क्षेत्र के झखरा गांव निवासी शीतल सिंह की पुत्री मनीषा का शव 2 अक्टूबर 2025 को संग्रामपुर थाना क्षेत्र के परसौना स्थित उसके ससुराल में फंदे से लटका मिला था। घटना के बाद मनीषा के भाई सुमित सिंह ने पुलिस को आवेदन देकर बताया था कि उसकी बहन ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। आवेदन में किसी अन्य व्यक्ति को घटना के लिए जिम्मेदार नहीं बताया गया था।

इसके बाद करीब दस दिन पूर्व मनीषा के साथ कथित तौर पर मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया। मनीषा के दूसरे भाई ने पुलिस को आवेदन देकर दहेज हत्या का आरोप लगाया। आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए तीन लोगों को नामजद आरोपी बनाया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी स्वर्ण प्रभात ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस की ओर से उनकी तस्वीर जारी कर आम लोगों से भी आरोपियों के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की गई है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में वायरल वीडियो समेत उपलब्ध अन्य साक्ष्यों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular