HomeBIHARमोतिहारीगांधी जयंती पर सांसद राधामोहन सिंह ने स्वच्छता, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का...

गांधी जयंती पर सांसद राधामोहन सिंह ने स्वच्छता, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का दिया संदेश

देश वाणी। दिलीप दुबे

मोतिहारी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह ने मोतिहारी में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेकर बापू को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दिन की शुरुआत गायत्री मंदिर के निकट मोतिझील घाट और राजेंद्र बाल उद्यान में स्वच्छता अभियान में सहभागिता से की। इस दौरान उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता को केवल एक अभियान तक सीमित न रखकर अपनी जीवनशैली का अनिवार्य हिस्सा बनाने की अपील की। इसके पश्चात उन्होंने ऐतिहासिक गांधी स्मारक पर पुष्पार्पण कर बापू के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया और चंपारण की भूमि को सत्याग्रह व जनभागीदारी का प्रेरणास्त्रोत बताया।

इस अवसर पर चरखा पार्क में महात्मा गांधी की भव्य सिलिकॉन प्रतिमा का अनावरण किया गया, जो युवाओं और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का एक नया केंद्र बनेगी। सांसद श्री सिंह ने चरखा पार्क के निकट वोकल फॉर लोकल स्टॉल का उद्घाटन करते हुए स्थानीय उत्पादों, कारीगरों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि गांधी जी के स्वदेशी और स्वावलंबन के विचार आज के समय में आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए सबसे बड़ा मार्गदर्शक हैं।

कार्यक्रम के अन्य प्रमुख आकर्षणों में स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों के परिवारों का सम्मान समारोह शामिल रहा, जहां सांसद ने उनके त्याग और बलिदान को नमन किया। संध्या के समय उन्होंने गांधी मैदान में एक क्रिकेट टूर्नामेंट का भी भव्य उद्घाटन किया। इन आयोजनों में मछुआरा आयोग के अध्यक्ष ललन सहनी, मोतिहारी विधायक प्रमोद कुमार, उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, जिला मीडिया प्रभारी गुलरेज शहजाद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular