-महात्मा गांधी और लालबहादुर शास्त्री के आदर्शों को अपनाने का लिया संकल्प
माला सिन्हा
पीपराकोठी : प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई. इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित कर दोनों महापुरुषों के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया गया. यूएमएस जीवधारा, एनपीएस सलेमपुर अनुसूचित जाति टोला, जीएमएस तेनुआ सहित क्षेत्र के अन्य विद्यालयों में महात्मा गांधी एवं लालबहादुर शास्त्री के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई. शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने दोनों महापुरुषों के जीवन, संघर्ष और देश के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला. कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के माध्यम से देशवासियों को नई दिशा दी. उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में आम लोगों को जोड़कर देश की आजादी के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत किया. उनका ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा आज भी देशवासियों को प्रेरणा देता है. विद्यालयों में बच्चों को दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया. शिक्षकों ने कहा कि गांधी और शास्त्री के विचार केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि वर्तमान समाज के लिए भी मार्गदर्शक हैं. उनके बताए सत्य, अनुशासन, स्वावलंबन, स्वच्छता और देशसेवा के मार्ग पर चलकर समाज को बेहतर बनाया जा सकता है. मौके पर एचएम शैलेन्द्र कुमार, निभा सिन्हा, कुमारी विनीता श्रीवास्तव, नागेंद्र राम, सरिता कुमारी, रूबी कुमारी, प्रियंका भारती, रेखा कुमारी, प्रदीप कुमार, संतोष कुमार सहित शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित थे.



