HomeBIHARमोतिहारीजगन्नाथपुरी मंदिर की भव्य झलक दिखाएगा पिपराकोठी का दुर्गा पूजा पंडाल

जगन्नाथपुरी मंदिर की भव्य झलक दिखाएगा पिपराकोठी का दुर्गा पूजा पंडाल

-शिवमंदिर प्रांगण में युद्धस्तर पर चल रही तैयारी, मूविंग प्रतिमाएं और आकर्षक रोशनी बढ़ाएंगी भव्यता

माला सिन्हा

पीपराकोठी : शारदीय नवरात्र को लेकर पीपराकोठी के शिवमंदिर प्रांगण में इस बार भव्यता का नया रंग देखने को मिलेगा. यहां जगन्नाथपुरी मंदिर की तर्ज पर भव्य पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है. पंडाल की आकर्षक बनावट श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी. पंडाल के साथ रंग-बिरंगी विद्युत सजावट, आकर्षक रोशनी और मूविंग प्रतिमाओं की व्यवस्था की जा रही है. नवरात्र के दौरान यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था के साथ भव्य सजावट का भी अनुभव मिलेगा. शिवमंदिर परिसर में मां दुर्गा की स्थायी प्रतिमा स्थापित है. यहां मां दुर्गा के साथ माता लक्ष्मी, सरस्वती, भगवान गणेश, कार्तिकेय, भगवान शंकर, माता पार्वती, हनुमान एवं भगवान विश्वकर्मा सहित विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित हैं. शारदीय नवरात्र के नौ दिनों तक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है. 1964 से चली आ रही है पूजा की परंपरा बताया जाता है कि वर्ष 1964 में लक्ष्मी सिंह, बृजलाल शर्मा, योगेंद्र प्रसाद कुशवाहा, मुनिलाल प्रसाद, नंदेश्वर साह, सीताराम साह, महेंद्र शर्मा सहित अन्य लोगों ने मिट्टी की प्रतिमा बनाकर दुर्गा पूजा की शुरुआत की थी. इसके कुछ वर्षों बाद उत्तर प्रदेश के बस्ती से मूर्तिकार को बुलाकर यहां मां दुर्गा सहित अन्य देवी-देवताओं की स्थायी प्रतिमाएं बनवाई गईं। तभी से यहां दुर्गा पूजा की परंपरा निरंतर चली आ रही है. कलश यात्रा से होगा नवरात्र का शुभारंभ पूजा समिति के अध्यक्ष राजेश प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि इस बार पंडाल को विशेष रूप से आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है. जगन्नाथपुरी मंदिर की तर्ज पर बन रहा पंडाल इस बार पूजा का मुख्य आकर्षण रहेगा. इसके अलावा आकर्षक लाइटिंग, मूविंग प्रतिमाएं और अन्य सजावट श्रद्धालुओं का मन मोहेंगी. विजयादशमी के दिन भव्य रावण दहन भी कराया जाएगा. उन्होंने बताया कि नवरात्र के प्रथम दिन एकम को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी. कलश यात्रा के साथ ही नौ दिवसीय पूजा-अर्चना का शुभारंभ होगा. समिति की ओर से श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पूजा एवं कलश यात्रा में शामिल होने की अपील की गई है.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular