-‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ थीम पर मनाया गया 9वां राष्ट्रीय पोषण माह
माला सिन्हा
पीपराकोठी : प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय मुर्दाचक परिसर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 36 पर शनिवार को 9वां राष्ट्रीय पोषण माह उत्साहपूर्वक मनाया गया. कार्यक्रम का आयोजन ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ थीम के तहत किया गया. इस दौरान गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक रूप से गोदभराई की रस्म पूरी कराई गई, जबकि छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीडीपीओ संगीता कुमारी ने कहा कि स्वस्थ समाज की नींव स्वस्थ मां और स्वस्थ बच्चे से पड़ती है. गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को अपने खान-पान और स्वास्थ्य के प्रति विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. उन्होंने गर्भवती महिलाओं से पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की. उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों की देखभाल तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और मातृ-शिशु देखभाल के प्रति लोगों को जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. इस अवसर पर अभिभावकों को बच्चों के उम्र के अनुसार पौष्टिक आहार देने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया. बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए पोषणयुक्त भोजन के महत्व की जानकारी भी दी गई. कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं और बच्चों के परिवारों को पोषण संबंधी आवश्यक जानकारी देकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया गया. मौके पर महिला पर्यवेक्षिका माला कुमारी, रिंकी शुक्ला, बीसी पिंकी कुमारी, गजेंद्र कुमार, सेविका कुमारी काजल, पूनम कुमारी, नीतू सिंह, रेनू सिंह, उर्मिला कुमारी, गीता कुमारी और विद्यांती पांडेय समेत सभी सेविका एवं सहायिका मौजूद रहीं.



