HomeBreakingबेतिया: जनसुनवाई में 41 शिकायतों पर हुई सुनवाई, कई मामलों का मौके...

बेतिया: जनसुनवाई में 41 शिकायतों पर हुई सुनवाई, कई मामलों का मौके पर निपटारा

बेतिया। जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय परिसर में आयोजित जनसुनवाई में जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम के दौरान कुल 41 मामलों की सुनवाई हुई, जिनमें कई शिकायतों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया।

फरियादियों ने जिलाधिकारी के समक्ष रखी समस्याएं

जनसुनवाई में यूसुफ खान, राजेश सिंह, राजू बैठा, ब्रिजकिशोर राय, प्रदीप मिश्रा, किशोर जोसेफ एवं विशाल कुमार सहित अन्य फरियादियों ने अपनी शिकायतें सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक मामले को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

राजस्व से लेकर बिजली और सड़क तक की शिकायतें

जनसुनवाई के दौरान राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, भूमि विवाद, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली आपूर्ति, पेयजल, सड़क एवं सड़क मरम्मत से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। कई मामलों में संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में तत्काल समाधान की प्रक्रिया पूरी की गई।

समय-सीमा में शिकायतों के निष्पादन का निर्देश

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।

‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ अभियान का हिस्सा है जनसुनवाई

जनसुनवाई कार्यक्रम राज्य सरकार के ‘सात निश्चय-3’ के तहत संचालित ‘सबका सम्मान-जीवन आसान अभियान’ का हिस्सा है। इसका उद्देश्य आम लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान कर पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन सुनिश्चित करना है।

कई जिला स्तरीय अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार, प्रभारी पदाधिकारी, जिला जनता दरबार मासूम अंसारी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular