HomeBIHARश्री राजाराम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तुरकौलिया मे एनडीआरएफ पटना की टीम ने...

श्री राजाराम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तुरकौलिया मे एनडीआरएफ पटना की टीम ने विद्यार्थियों को सिखाए आपदा से बचाव के उपाय

देशवाणी। आशा कुमारी 
मोतिहारी।
सरस्वती विद्या निकेतन स्थित श्री राजाराम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तुरकौलिया में गुरुवार को एनडीआरएफ पटना की टीम ने विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन एवं प्राथमिक उपचार का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। सब इंस्पेक्टर अंकुश के नेतृत्व में चार रेस्क्यूअर ने स्मार्ट कक्ष में विद्यार्थियों को सीपीआर , रक्तस्राव नियंत्रण, सर्पदंश, भूकंप, बाढ़, ठनका तथा अगलगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी। टीम ने डमी के माध्यम से सीपीआर देने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया, जिसमें विद्यार्थियों ने भी भाग लिया। सर्पदंश से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए टीम ने उचित प्राथमिक सहायता एवं समय पर चिकित्सकीय मदद लेने की जानकारी दी। भूकंप के दौरान भवन के अंदर होने पर मजबूत मेज या डेस्क के नीचे अथवा सुरक्षित स्थान पर रहकर स्वयं की रक्षा करने के उपाय बताए गए। साथ ही चोट लगने पर रक्तस्राव रोकने तथा ठनका और बाढ़ के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी भी दी गई।
विद्यार्थियों के सवाल पर टीम ने विद्यालय में लगे फायर बॉक्स के संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका रेस्क्यू टीम ने सरल एवं व्यावहारिक तरीके से उत्तर दिया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षक राहुल कुमार दुबे ने टीम को अवगत कराया कि विद्यालय में प्रत्येक शनिवार को सुरक्षित शनिवार के तहत आपदा एवं सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। प्रधानाध्यापिका कुमारी अरुणा ने टीम के प्रशिक्षण की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। शिक्षक नरेंद्र कुमार ने भी टीम से आपदा प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे।
कार्यक्रम में शिक्षक मनीष कुमार, राजनारायण मिश्र,अखिलेश कुमार, जयप्रकाश कुमार , जितेंद्र कुमार, लवकेश कुमार, काजल मजहबी, दीक्षा कुमारी, स्वास्तिका राज, श्वेता कुमारी,प्रियंका कुमारी, रिंकू कुमारी , भाव्या कुमारी एवं सोनम कुमारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular