-सेवा पुस्तिका संधारण, वेतन संरक्षण व लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन की उठी मांग
फोटो : बीईओ अफरोज आलम को सम्मानित करते शिक्षक नेता
माला सिन्हा
पीपराकोठी : शिक्षकों की सेवा पुस्तिका के संधारण, वेतन संरक्षण एवं लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार को प्रधान शिक्षक संघ एवं समन्वय समिति के सदस्यों ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अफरोज आलम से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रधान शिक्षक संघ के प्रखंड अध्यक्ष विक्रमा प्रसाद यादव ने किया. प्रतिनिधिमंडल ने बीईओ श्री आलम के समक्ष शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से रखा. सदस्यों ने मांग की कि सभी नवनियुक्त शिक्षकों एवं प्रधान शिक्षकों की सेवा पुस्तिका का कैंप मोड में संधारण कराया जाए, ताकि शिक्षकों को कार्यालय का अनावश्यक चक्कर नहीं लगाना पड़े. इसके साथ ही वेतन संरक्षण के पात्र प्रधान शिक्षकों का वेतन निर्धारण प्रपत्र शीघ्र निर्गत करने तथा शिक्षकों से संबंधित लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने की मांग की गई. प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र की जाएगी. उन्होंने कहा कि वेतन संरक्षण से लाभान्वित सभी शिक्षक तीन प्रतियों में वेतन निर्धारण प्रपत्र प्रखंड शिक्षा कार्यालय में जमा करें, ताकि आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सके. इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल की ओर से बीईओ श्री आलम को शॉल एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया गया. वहीं मौके पर उपस्थित वरीय शिक्षक मनोज ठाकुर एवं फैयाज अख्तर को भी सम्मानित किया गया. प्रतिनिधिमंडल में मनीष कुमार पांडेय, मुकेश कुमार सिंह, कुलपति शर्मा, नौशाद आलम, मखदूम अंसारी, मनीष कुमार शर्मा, संदीप कुमार, सान्याल सिंह, आजाद अंसारी, मोहम्मद सनाउल्लाह अंसारी, इमाम अंसारी, राजेश प्रसाद यादव, मोहम्मद जहांगीर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे. प्रधान शिक्षक संघ के प्रखंड अध्यक्ष विक्रमा प्रसाद यादव ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान एवं उनके अधिकारों के लिए संगठन लगातार पहल करता रहेगा.



