Bettiah. रवि कुमार मिश्रा।
बेतिया/नरकटियागंज। प्रखंड क्षेत्र की गोखुला पंचायत अंतर्गत बेलवनिया गांव में सरकार की महत्वाकांक्षी खाद्य सुरक्षा योजना के क्रियान्वयन पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। गांव के एक जरूरतमंद लाभुक को राशन कार्ड निर्गत होने के एक साल बाद भी अब तक एक दाना अनाज नसीब नहीं हुआ है। पीड़ित लाभुक ने इस बाबत प्रखंड आपूर्ति कार्यालय में आवेदन देकर अनाज की गुहार लगाई है। पीड़ित लाभुक संजय कुमार ने दिए लिखित आवेदन में बताया कि उनका राशन कार्ड बने लगभग एक वर्ष का समय बीत चुका है। राशन पाने की उम्मीद में वे पिछले एक साल से लगातार जन वितरण प्रणाली दुकान और प्रखंड कार्यालय का चक्कर काट-काटकर थक चुके हैं, लेकिन नतीजा सिफर रहा। संजय कुमार के अनुसार, वे पेशे से मजदूर हैं और दिन-रात मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालते हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उनके परिवार को सरकारी राशन की सख्त दरकार है। लेकिन जब भी वे अनाज लेने डीलर के पास जाते हैं, तो डीलर द्वारा ‘पॉस मशीन में डाटा अपलोड नहीं होने’ की बात कहकर उन्हें हर बार खाली हाथ वापस लौटा दिया जाता है। पीड़ित ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी से पूरे मामले की जांच कर जल्द से जल्द पॉस मशीन में डाटा अपडेट कराने और बकाया राशन उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि उनके परिवार को भुखमरी के संकट से बचाया जा सके। इधर एमओ का मोबाइल बन्द होने से उनका पक्ष नहीं मिल सका।



