Bettiah. रवि कुमार मिश्र।
बेतिया/नरकटियागंज। सेवा संकल्प अभियान के तहत आगामी अक्टूबर माह की 6, 7 और 8 तारीख को राज्य के सभी 534 प्रखंडों के साथ-साथ स्थानीय प्रखंड में ‘सेवा सेतु शिविर – सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। शिविर की सफलता को लेकर प्रशासनिक स्तर पर प्रारंभिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम के तहत 25 सितंबर से ही स्थानीय प्रखंड की सभी पंचायतों व नगर निकाय कार्यालयों में आमजनों की समस्याओं और लंबित योजनाओं से संबंधित आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। मौके पर मौजूद कर्मी आवेदनों को विभागवार संगृहीत कर आवेदकों को पावती रसीद सौंपेंगे। शिविर में केंद्र सरकार की 26 प्रमुख योजनाओं सहित राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पोस्टरों के माध्यम से दी जाएगी।आमजन के मार्गदर्शन के लिए हेल्प डेस्क रहेगा। शिविर स्थल पर पेयजल, पंखे, वीडियोग्राफी और अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की जा रही है। बीडीओ सूरज कुमार सिंह ने बताया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का निष्पादन 26 अक्टूबर तक अनिवार्य रूप से कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान के सफल संचालन के लिए वरीय उप समाहर्ता स्तर के पदाधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया जाएगा, जबकि जिलाधिकारी स्वयं पूरी व्यवस्था पर नजर रखेंगे। शिविर में पंचायत प्रतिनिधियों, जीविका दीदियों, एनजीओ और विभागीय प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। वही पूर्व से निर्धारित रोस्टर के अनुसार ‘जन सहयोग शिविर’ भी यथावत जारी रहेगा।



