अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने बदली थानों की कमान
देश वाणी।बेतिया।अवधेश कुमार शर्मा।
बेतिया। पश्चिम चंपारण जिले में पुलिस प्रशासन ने थानाध्यक्षों के स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। बेतिया एसपी कुमार गौतम ने अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था संधारण के दृष्टिकोण से उपयोगिता के आधार पर 10 पुलिस पदाधिकारियों का विभिन्न थानों में पदस्थापन किया है।
जारी आदेश के अनुसार पुअनि जय भगवान कुमार को शिकारपुर थाना से स्थानांतरित कर मैनाटाड़ थाना का थानाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं पुअनि अंजन कुमार को पुलिस केन्द्र बेतिया से चनपटिया थाना तथा पुअनि जीतेन्द्र कुमार को पुलिस केन्द्र बेतिया से साठी थाना का थानाध्यक्ष बनाया गया है।
पुअनि मिथलेश कुमार को मझौलिया थाना से स्थानांतरित कर नवलपुर थाना, जबकि पुअनि प्रदीप कुमार को नगर थाना से कालीबाग थाना का थानाध्यक्ष बनाया गया है। पुअनि मधु कुमारी को गौनाहा थाना से स्थानांतरित कर बानुछापर थाना की कमान सौंपी गई है।
इसके अलावा पुअनि रवि शंकर कुमार को शिकारपुर थाना से सहोदरा थाना, पुअनि संतोष कुमार पाल को योगापट्टी थाना से मानपुर थाना तथा पुअनि प्रिंस कुमार को चनपटिया थाना से अनुसूचित जाति/जनजाति थाना का थानाध्यक्ष बनाया गया है।
वहीं पुअनि अनिरुद्ध कुमार को साठी थाना से स्थानांतरित कर श्रीनगर थाना का थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
पुलिस प्रशासन के इस फेरबदल को जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है। नए थानाध्यक्षों के पदस्थापन के बाद संबंधित थानों में पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी अब इन पदाधिकारियों के हाथों में होगी।
किसे मिली कौन-सी जिम्मेदारी?
- जय भगवान कुमार — मैनाटाड़ थाना
- अंजन कुमार — चनपटिया थाना
- जीतेन्द्र कुमार — साठी थाना
- मिथलेश कुमार — नवलपुर थाना
- प्रदीप कुमार — कालीबाग थाना
- मधु कुमारी — बानुछापर थाना
- रवि शंकर कुमार — सहोदरा थाना
- संतोष कुमार पाल — मानपुर थाना
- प्रिंस कुमार — अनुसूचित जाति/जनजाति थाना
- अनिरुद्ध कुमार — श्रीनगर थाना



