देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के सेवाकाल को समर्पित सेवा संकल्प अभियान के तहत गांधी मैदान में सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम के अंतर्गत एक भव्य वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मोतिहारी सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह ने चंपा का विशेष पौधा रोपकर की। इस दौरान उन्होंने कहा कि चंपारण नाम की ऐतिहासिक पहचान ‘चंपा-अरण्य’ से जुड़ी है, इसलिए चंपा का पौधा लगाना केवल पर्यावरण संरक्षण ही नहीं, बल्कि चंपारण की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत और जड़ों को पुनर्जीवित करने का संकल्प है।
इस अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देते हुए चंपा, नीम, अर्जुन, कचनार, सागवान, हरसिंगार और अमलतास के सैकड़ों पौधे रोपे गए। सांसद ने नागरिकों से आह्वान किया कि वृक्षारोपण को जनभागीदारी का अभियान बनाते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम में बिहार राज्य मछुआरा आयोग के अध्यक्ष ललन सहनी, डिप्टी मेयर डॉ. लालबाबू प्रसाद, जिला वन अधिकारी अमित कुमार, रेंजर रौशन कुमार, नीता शर्मा, राकेश सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और वन विभाग के कर्मी उपस्थित रहे।



