Bettiah. रवि कुमार मिश्रा।
बेतिया/नरकटियागंज।समाज में पैर पसार रही मानव तस्करी जैसी गंभीर समस्या पर अंकुश लगाने और जवानों को जागरूक करने के उद्देश्य से 44 वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) नरकटियागंज द्वारा दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। वाहिनी मुख्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यशाला में जवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यशाला का उद्घाटन 44 वाहिनी के कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी के मार्गदर्शन में द्वितीय कमान अधिकारी गोविन्द कुमार ठाकुर ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गोविन्द कुमार ठाकुर ने कहा, “मानव तस्करी न केवल एक गंभीर अपराध है, बल्कि यह मानवाधिकार का सबसे क्रूर उल्लंघन भी है। इस तरह के अपराधों को खत्म करने के लिए कानून प्रवर्तन एजेंसियों, स्वयंसेवी संस्थाओं (NGOs) और आम जनता के बीच मजबूत समन्वय और त्वरित कार्रवाई की सख्त आवश्यकता है।”
उन्होंने बताया कि इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सीमा पार मानव तस्करी की रोकथाम, पीड़ितों व संदिग्ध अपराधियों की पहचान और उन्हें सुरक्षित पुनर्वास प्रदान करना है।
कार्यशाला का सफल संचालन ‘प्रयास किशोर सहायता केंद्र सोसाइटी’ के चीफ कोऑर्डिनेटिंग ऑफिसर जितेंद्र कुमार सिंह और आरती कुमारी द्वारा किया गया। इसके माध्यम से बलकार्मिकों को विशेष गुर सिखाए गए ताकि वे भारत-नेपाल सीमा पर ड्यूटी के दौरान मानव तस्करी की रोकथाम के लिए अधिक कुशलता से कार्य कर सकें।
इस प्रशिक्षण शिविर में सहायक कमांडेंट रामवीर कुमार, निरीक्षक (सा.) भूपेंद्र कौर, सहायक उप निरीक्षक कुला रंजन डेका सहित सैकड़ो की संख्या बलकार्मिक मौजूद रहे।



