रामगढ़वा में प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी इंद्रजीत दास ने काली पट्टी बांधकर किया सांकेतिक विरोध
आवान मेराज/देशवाणी
रामगढ़वा: बिहार पंचायत सेवा संघ के आह्वान पर अपनी वर्षों से लंबित मांगों को लेकर प्रदेशभर के पदाधिकारियों के साथ रामगढ़वा प्रखंड में भी विरोध प्रदर्शन की शुरुआत हो चुकी है। इसी क्रम में रामगढ़वा के प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी इंद्रजीत दास ने अपनी बाँह पर काली पट्टी बांधकर सरकार और पंचायती राज विभाग के समक्ष अपना सांकेतिक विरोध दर्ज कराया है। हालांकि, इस विरोध प्रदर्शन के दौरान भी जनहित और प्रशासनिक कार्यों पर कोई बाधा नहीं आने दी गई। बीपीआरओ इंद्रजीत दास ने काली पट्टी लगाकर सांकेतिक विरोध जरूर दर्ज किया, लेकिन इसके साथ ही उन्होंने अपने सभी सरकारी दायित्वों का निर्वहन जिम्मेदारी के साथ किया। कार्यालय के कार्यों में किसी भी प्रकार की कोई कोताही नहीं बरती गई और सभी सरकारी काम पूरी तरह सुचारू रूप से चालू रहे।
बता दें कि संघ की प्रमुख मांगों में प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी के पद को राजपत्रित घोषित करना, आवश्यक वित्तीय एवं प्रशासनिक शक्तियां प्रदान करना, पंचायत समिति का कार्यपालक पदाधिकारी फिर से बनाया जाना तथा वेतन व सेवा संबंधी विसंगतियों को दूर करना शामिल है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आगे कड़े कदम उठाए जा सकते हैं, लेकिन रामगढ़वा में फिलहाल विरोध के साथ-साथ विभागीय कामकाज को पूरी प्रतिबद्धता से जारी रखा गया है।



