रामगढ़वा दर्दनाक सड़क हादसा हादसा: अज्ञात वाहन ने दादी पोते को रौंदा, सिसवनिया में एक ही अर्थी पर उठी दादी और 5 वर्षीय पोते की अर्थी, एक साथ जली दो-दो चिताओं ने रुलाया पूरा गांव (फोटो – रोते बिलखते परिजन)
आवान मेराज/ देशवाणी
रामगढ़वा: रामगढ़वा थाना क्षेत्र के सिसवनिया गांव में रविवार की देर शाम एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सेमर चौक के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रहे मासूम बच्चे और उसकी दादी को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान 5 वर्षीय बालक अमित कुमार उर्फ बग्गी कुमार (पिता सोनू कुमार राम, माता जोनी देवी) और उसकी 45 वर्षीया दादी लालझरी देवी (पति किसनाथ राम) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बच्चा अपनी दादी के साथ अपने पिता को कुछ सामान पहुँचाने के लिए जा रहा था, तभी यह भयानक हादसा हुआ।
सोमवार को जब दोनों का अंतिम संस्कार किया गया, तो सिसवनिया गांव में ऐसा मंजर देखने को मिला जिसे देख वहां मौजूद हर शख्स की रूह कांप उठी। गांव के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ जब किसी एक हादसे में घर से दो-दो अर्थियां एक साथ उठी हों। दादी लालझरी देवी और उनके पोते अमित कुमार उर्फ बग्गी कुमार के शव को एक ही अर्थी पर रखकर श्मशान घाट ले जाया गया, जहां एक साथ दो-दो चिताएं जलीं। इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर महिलाओं का रोने-बिलखने से पूरा माहौल गमगीन हो गया और ढांढस बंधा रहे गांव के पुरुष भी अपने आंसू नहीं रोक पाए।
इस दोहरी त्रासदी से पूरे पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, क्योंकि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय और कमजोर है। घटना के बाद से ही ग्रामीणों और परिजनों में गहरा आक्रोश और शोक व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस संकट की घड़ी में पीड़ित गरीब परिवार को जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि उन्हें कुछ आर्थिक संबल मिल सके।



