माला सिन्हा
पीपराकोठी : थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब के खिलाफ एक खास अभियान चलाया. इस दौरान अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर करीब 373 लीटर अंग्रेजी और देसी शराब बरामद की गई. पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल हो रहे एक टेंपो और चोरी की मोटरसाइकिल भी जब्त की. इस मामले में कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर रात में पीपराकोठी ओवरब्रिज के नीचे वाहनों की जांच की जा रही थी. इसी दौरान एक टेंपो बीआर 28पी 4442 की तलाशी ली गई. पुलिस ने बताया कि टेंपो में दस्तावेज रखने वाले फाइल बॉक्स को काटकर एक तहखाना बनाया गया था. इस तहखाने से ऑफिसर च्वाइस टेट्रा पैक की 180 एमएल वाली 1366 बोतलें मिलीं, जिनकी कुल मात्रा 246 लीटर अंग्रेजी शराब थी. टेंपो को जब्त कर सुनील यादव और मोहम्मद मुख्तार को गिरफ्तार किया गया. एक अन्य कार्रवाई सिसिरिया गांव में निर्भय राय के घर के पीछे गन्ने के खेत में हुई. यहां छिपाकर रखी ऑफिसर च्वाइस टेट्रा पैक की 180 एमएल वाली 672 बोतलें बरामद की गईं. इनकी कुल मात्रा 120.960 लीटर थी. इसके अलावा, ढेकहां बेला जगतिया गांव में राजेश मांझी के घर के पास छापेमारी की गई. यहां एक काले रंग की चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बीआर 05पीबी 4716 से छह लीटर देसी चुलाई शराब बरामद हुई. इस मामले में अजीत कुमार और सत्येंद्र कुमार को गिरफ्तार किया गया. इसी अभियान के दौरान पुलिस ने कुंदन कुमार को भी गिरफ्तार किया. वह शराब पीकर हंगामा कर रहा था. अभियान में थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह, अपर थानाध्यक्ष शाहिल कुमार, संतोष कुमार, राजवीर और थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुष्टि थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह ने की.



