देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। समस्तीपुर रेल मंडल के प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्र ने शनिवार को अधीनस्थ अधिकारियों के साथ बापूधाम मोतिहारी स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकाश कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच कर रिपोर्ट भेजने और यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसके पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। डीआरएम श्री मिश्र ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में प्रयुक्त हो रहे मैटेरियल्स की गुणवत्ता की विधिवत जांच कर उसका प्रतिवेदन भेजने को कहा। रेल अस्पताल का नया भवन तैयार होने के बावजूद शिफ्ट न किए जाने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और चिकित्सक अभिनव अनुज को अधिकारियों से तालमेल बैठाकर जल्द से जल्द नए भवन में अस्पताल शिफ्ट करने की सख्त हिदायत दी। साथ ही, प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर निर्माण कार्य के चलते शेड हटाए जाने की स्थिति में यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश स्टेशन अधीक्षक राजीव कुमार को दिया गया। स्टेशन परिसर की साफ-सफाई पर असंतोष जताते हुए इसमें तत्काल सुधार लाने के भी निर्देश दिए गए। इस अवसर पर सीनियर डीओएम विजय प्रकाश, डीपीओ संजय कुमार, डीईएन-2 संत प्रजापति, डीएसओ तुहीन किशोर, डीसीआई हरिकिशोर भक्त, एसएस राजीव कुमार और टीआई विनोद कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। बापूधाम स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद डीआरएम विंडो निरीक्षण करते हुए सुगौली की ओर रवाना हो गए।



