पटना के फुलवारीशरीफ से अपहरण के बाद रक्सौल पहुंची युवती, गुप्त सूचना पर हरैया थाना पुलिस ने की नाकेबंदी
देशवाणी। अनिल कुमार
रक्सौल।
पटना के फुलवारीशरीफ से अपहृत एक लड़की को नेपाल भेजे जाने की तैयारी की सूचना पर रक्सौल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे कस्टम चौक से बरामद कर लिया। गुप्त सूचना मिलने के बाद हरैया थाना पुलिस ने सीमा क्षेत्र में चौकसी बढ़ाते हुए कस्टम चौक पर नाकेबंदी कर संदिग्ध लोगों की जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस के हत्थे एक लड़की चढ़ी, जिसकी पहचान फिलहाल काल्पनिक नाम मसरूफ प्रवीन के रूप में की गई है। हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि पटना के फुलवारीशरीफ से अपहृत लड़की को किसी युवक द्वारा नेपाल भेजने की कोशिश की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कस्टम चौक के आसपास नाकेबंदी कर जांच अभियान शुरू किया। आने-जाने वाले लोगों पर निगरानी रखी जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस ने उक्त लड़की को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ के दौरान लड़की ने पुलिस को बताया कि एक लड़का उसे नेपाल भेजने की तैयारी कर रहा था। लड़की के इस बयान के बाद पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जानकारी संबंधित थाना पुलिस को दी और घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी।
फुलवारीशरीफ में दर्ज है अपहरण का मामला
थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान के अनुसार, लड़की की मां ने पटना के फुलवारीशरीफ थाना में आवेदन देकर अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई है। आवेदन में दो युवकों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। इस मामले में फुलवारीशरीफ थाना कांड संख्या 1556/26 दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, अपहरण के बाद लड़की को रक्सौल लाए जाने और वहां से नेपाल भेजने की कोशिश किए जाने की बात सामने आई है। सीमा क्षेत्र होने के कारण पुलिस ने सूचना मिलते ही कस्टम चौक पर तत्काल कार्रवाई की, जिससे लड़की को नेपाल ले जाने की संभावित कोशिश को समय रहते रोक दिया गया।
सीमा पार कराने की कोशिश की आशंका
रक्सौल-नेपाल सीमा पर पुलिस की सक्रियता के बीच अपहृत लड़की की बरामदगी को महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि लड़की को पटना से रक्सौल तक कौन लेकर आया और उसे नेपाल भेजने की योजना में कौन-कौन लोग शामिल थे। पूछताछ के आधार पर पुलिस पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। हरैया पुलिस का कहना है कि बरामद लड़की के संबंध में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। साथ ही पटना पुलिस को मामले की जानकारी देकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले में नामजद आरोपितों की भूमिका सहित लड़की को रक्सौल लाने वाले व्यक्ति की पहचान भी जांच का प्रमुख बिंदु है। सीमा क्षेत्र में अपहरण के बाद किसी लड़की को नेपाल भेजे जाने की सूचना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस को सतर्क कर दिया है। पुलिस द्वारा कस्टम चौक और सीमा से जुड़े मार्गों पर निगरानी बढ़ाए जाने की बात कही जा रही है।
फोटो -अपहरण के बाद रक्सौल पहुंची युवती, गुप्त सूचना पर हरैया थाना पुलिस ने की नाकेबंदी



