मरीजों की सुविधा बढ़ाने पर जोर, चारदीवारी के लिए होगा भूमि सीमांकन।
देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।
लौरिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लौरिया में शुक्रवार को रोगी कल्याण समिति शासी निकाय की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ संजीव कुमार ने की, जबकि संचालन प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रोशन कुमार ने किया। इसमें अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने, मरीजों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और परिसर को व्यवस्थित करने को लेकर कई प्रस्तावों पर चर्चा की गई। चर्चा के बाद अधिकांश प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।
बैठक में सीएचसी की चारदीवारी निर्माण के लिए अस्पताल की भूमि का सीमांकन कराने का निर्णय लिया गया। इसके लिए अंचल अधिकारी को पत्र भेजने पर सहमति बनी। अस्पताल के मुख्य दवा भंडार और दवा वितरण केंद्र को व्यवस्थित करने के लिए आवश्यक सामग्री की खरीद का प्रस्ताव भी पारित किया गया। मरीजों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल परिसर में आरओ लगाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में अस्पताल भवन के शिलान्यास स्थल की मरम्मत कराने, परिसर में पेड़-पौधों की साफ-सफाई कराने तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए यूपीएस की मरम्मत कराने पर भी सहमति बनी। यूपीएस की मरम्मत के लिए संबंधित कंपनी से पत्राचार करने का निर्णय लिया गया। अस्पताल परिसर में पड़े कबाड़ की सूची तैयार कर इसकी जानकारी जिला स्तर पर उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई।
*मरीजों को बेहतर सुविधा देना प्राथमिकता : बीडीओ*
बीडीओ संजीव कुमार ने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना रोगी कल्याण समिति की प्राथमिकता है। अस्पताल में जरूरी संसाधनों की उपलब्धता के साथ साफ-सफाई, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। बैठक में लिए गए प्रस्तावों को समय पर लागू कराने का प्रयास किया जाएगा।
*सर्पदंश व कुत्ते के काटने की दवाएं उपलब्ध*
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रोशन कुमार ने बताया कि बरसात के मौसम में सर्पदंश और कुत्ते के काटने के मामले सामने आते हैं। इसे देखते हुए सीएचसी में इनके उपचार के लिए आवश्यक दवाएं और इंजेक्शन उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि मरीजों को समय पर उपचार देने के साथ अस्पताल की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए समिति के निर्णय के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अस्पताल प्रबंधक राहुल कुमार, लेखापाल अमित प्रकाश, समिति सदस्य करण राज पासवान, ज्वाला सिंह, मदन चतुर्वेदी, कन्हैया पांडेय, कमलेश राम सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।



