HomeBIHARमोतिहारीवैदिक मंत्रोच्चार के बीच सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का हुआ शुभारंभ

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का हुआ शुभारंभ

सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ बिजली बचत और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

रक्सौल।अनिल कुमार। शहर के कौड़िहार चौक स्थित भेलाही रोड में बुधवार को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का विधिवत शुभारंभ किया गया। शुभारंभ समारोह का आयोजन वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के बीच किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों की काफी संख्या में सहभागिता रही। योजना के शुभारंभ को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि कार्यपालक अभियंता अजय कुमार, जनसुराज नेता कपिलदेव प्रसाद उर्फ भुवन पटेल, पूर्णिमा भारती एवं संचालक गंगा यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद अतिथियों ने योजना की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए लोगों को सौर ऊर्जा के अधिक से अधिक उपयोग के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना देश में स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। घरों की छत पर सोलर पैनल स्थापित कर लोग बिजली उत्पादन कर सकते हैं। इससे पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम होने के साथ घरेलू बिजली खर्च में भी राहत मिलने की संभावना है। साथ ही सौर ऊर्जा के उपयोग से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम में मौजूद लोगों को योजना से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। लोगों को बताया गया कि सौर ऊर्जा आज के समय में ऊर्जा की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने का एक बेहतर एवं पर्यावरण अनुकूल माध्यम है। वक्ताओं ने कहा कि अधिक से अधिक परिवार यदि सौर ऊर्जा को अपनाते हैं तो इससे बिजली की बचत के साथ समाज और देश को भी ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी।

संचालक गंगा यादव ने कहा कि योजना को लेकर लोगों के बीच जागरूकता फैलाना जरूरी है, ताकि अधिक से अधिक परिवार इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा भविष्य की जरूरत है और इसे अपनाकर आम लोग अपने बिजली खर्च को कम करने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दे सकते हैं।

शुभारंभ समारोह के दौरान स्थानीय लोगों ने भी योजना को लेकर अपनी रुचि दिखाई और सौर ऊर्जा से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में सन्नी पटेल, सोमेश्वर कुशवाहा, चंचल राय, गंगा प्रसाद यादव, संजय कुमार साह, मनोज सिंह सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक एवं सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। समारोह के अंत में उपस्थित लोगों ने योजना को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ दिलाने पर जोर दिया।

फोटो -वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का हुआ शुभारंभ

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular