देशवाणी।अनिल कुमार
रक्सौल।
नगर परिषद रक्सौल के प्रभारी प्रधान सहायक एवं उच्च वर्गीय सहायक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए नगर परिषद के कर संग्राहक पंकज कुमार सिंह ने हरैया थाना में आवेदन दिया है। नगर परिषद कार्यालय के पत्रांक 680, दिनांक 8 सितंबर 2026 को प्राप्त आदेश के आलोक में प्राथमिकी के लिए दिए गए आवेदन में प्रभारी प्रधान सहायक चंदेश्वर बैठा एवं उच्च वर्गीय सहायक मृत्युंजय मृणाल पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
आवेदन में कहा गया है कि दोनों कर्मियों द्वारा नगर प्रबंधक के कार्यालय कक्ष का बिना अनुमति के उपयोग किया जा रहा था। आरोप है कि कार्यालय कक्ष में किसी बाहरी व्यक्ति को बैठाकर नगर परिषद की महत्वपूर्ण संचिकाएं एवं कार्यालय से संबंधित दस्तावेज गलत तरीके से दिखाए जा रहे थे। इससे कार्यालय की गोपनीयता एवं सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाया गया है।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि नगर प्रबंधक के कार्यालय कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरे को गलत नीयत से क्षतिग्रस्त किया गया। कर संग्राहक द्वारा दिए गए आवेदन में इसे कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था के साथ खिलवाड़ बताते हुए मामले की जांच एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
इसके अलावा दोनों कर्मियों पर साक्ष्यों को नष्ट करने का प्रयास करने, बाहरी व्यक्ति को कार्यालय की संचिकाएं दिखाने, सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने तथा नगर प्रबंधक के कार्यालय कक्ष का बिना अनुमति प्रयोग करने सहित अन्य आरोप लगाए गए हैं। आवेदन में पूरे मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने एवं विधिसम्मत कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।
इस संबंध में हरैया थाना प्रभारी किशन कुमार पासवान ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए बताया कि नगर परिषद की ओर से आवेदन मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों एवं रिपोर्ट के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।



