-राशन कार्ड, स्वास्थ्य पर उठे सवाल
-डॉक्टरों की कमी, आंगनबाड़ी केंद्र बंद और कबीर मठ की जमीन पर अतिक्रमण का मामला उठा
माला सिन्हा
पीपराकोठी : प्रखंड परिसर में मंगलवार को प्रखंड कार्यान्वयन समिति की बैठक हुई. इसकी अध्यक्षता अध्यक्ष उपेंद्र कुमार चौधरी ने की, जबकि बीडीओ दिनेश कुमार सिंह ने संचालन किया. बैठक में बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और स्थानीय विधायक प्रमोद कुमार भी मौजूद रहे. बैठक में प्रखंड के अलग-अलग कार्यालयों में हो रही गड़बड़ी का मुद्दा उठा. ग्रामीणों को राशन कार्ड बनवाने में आ रही दिक्कतों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की कमी पर भी चर्चा हुई. इसके अलावा, कई पंचायतों में सालों पहले आंगनबाड़ी केंद्र बने, लेकिन वे अब तक शुरू नहीं हुए हैं. बेलवतिया गांव स्थित कबीर मठ की जमीन पर अतिक्रमण का मामला भी बैठक में उठाया गया. विधायक प्रमोद कुमार ने कहा कि जनता से जुड़े मामलों का जल्द समाधान होना चाहिए. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे सरकारी योजनाओं का फायदा सही लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाएं और ग्रामीणों की समस्याएं तुरंत हल करें. इस दौरान प्रमुख रजनीश कुमार, सीओ कुमार राघवेंद्र राघवन, उपाध्यक्ष जितेंद्र साह, राजकिशोर सिंह, शशि भूषण श्रीवास्तव, गौरीशंकर साह समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे.



