दोनों चालक झुलसे, पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया
देशवाणी। मोतिहारी।माला सिन्हा।
पीपराकोठी। थाना क्षेत्र के राजमार्ग-28 स्थित मठबंवारी चौक के समीप बुधवार की देर रात डंफर और टाइल्स लदे ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने दोनों वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया और वे धू-धूकर जलने लगे। हादसे में दोनों वाहनों के चालक भी झुलसकर जख्मी हो गए। घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मठबंवारी चौक के समीप एक डंफर सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रहे टाइल्स लदे ट्रक ने डंफर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में अचानक आग लग गई। आग की ऊंची लपटें देखकर मौके पर अफरातफरी मच गई। राजमार्ग से गुजर रहे वाहन चालकों के साथ आसपास के लोग भी घटनास्थल पर जुट गए।
आग की भयावहता के बीच दोनों चालक भी इसकी चपेट में आकर झुलस गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पीपराकोठी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों झुलसे चालकों को बाहर निकालकर इलाज के लिए सदर अस्पताल, मोतिहारी भेजा।



