देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।
लौरिया। पेंशनधारियों को समय पर पेंशन का लाभ मिलता रहे, इसके लिए लौरिया प्रखंड प्रशासन ने जीवन प्रमाणीकरण के लंबित मामलों को तेजी से निपटाने की कवायद शुरू कर दी है। गुरुवार को प्रखंड सभागार में बीडीओ संजीव कुमार ने पंचायत सचिवों और कार्यपालक सहायकों के साथ बैठक कर पंचायतवार स्थिति की समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान सामने आए लंबित जीवन प्रमाणीकरण को लेकर बीडीओ ने संबंधित कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि 31 अगस्त तक पात्र पेंशनधारियों का शत-प्रतिशत जीवन प्रमाणीकरण पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रमाणीकरण लंबित रहने के कारण किसी पात्र लाभुक को पेंशन भुगतान में परेशानी नहीं होनी चाहिए।
लाभुकों तक पहुंचे कर्मी
बीडीओ ने कहा कि जिन पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण नहीं हुआ है, उनकी सूची के आधार पर उनसे संपर्क किया जाए। खासकर बुजुर्ग और जरूरतमंद लाभुकों को प्रक्रिया पूरी कराने में आवश्यक सहयोग दिया जाए। उन्होंने पंचायत स्तर पर सीएससी के माध्यम से उपलब्ध जीवन प्रमाणीकरण की सुविधा के बारे में भी लोगों को जागरूक करने को कहा।
मृत पेंशनधारियों की होगी पहचान
बैठक में मृत पेंशनधारियों की पहचान कर उनके रिकॉर्ड को अपडेट करने पर भी जोर दिया गया। बीडीओ ने कहा कि पंचायत स्तर पर लंबित मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
वहीं, विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने लंबित कार्यों में तेजी लाने और नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया। कर्मियों से योजनाओं की प्रगति और लंबित मामलों की रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराने को कहा गया।
बीडीओ ने कहा कि पेंशन और विकास योजनाओं से जुड़े कार्य सीधे आम लोगों से जुड़े हैं। इसलिए इसमें देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



