Motihari | देश वाणी| अनिल कुमार|
भारत-नेपाल सांस्कृतिक संबंधों को सुदृढ़ करने के लिए भव्य आयोजन
रक्सौल। नेपाल और भारत के बीच अटूट सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सीमावर्ती शहर रक्सौल में एक विशेष आध्यात्मिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर विश्व ज्योतिष महासंघ के एशिया उपाध्यक्ष एवं अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त ज्योतिष सम्राट डॉ. पुरुषोत्तम दुबे ने वृंदावन के प्रसिद्ध कथावाचक परम पूज्य अनिरुद्ध आचार्य जी महाराज को विशेष अभिनंदन पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस आत्मीय भेंट ने नेपाल–भारत मैत्री के सनातन सूत्र को और अधिक मजबूत करते हुए सनातन धर्म को दोनों देशों के बीच सबसे सशक्त सांस्कृतिक स्तंभ के रूप में पुनः स्थापित किया है। अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. दुबे ने आचार्य जी महाराज के त्याग, समर्पण और आध्यात्मिक क्षेत्र में दिये गये अतुलनीय योगदान की भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस विषय में उन्होंने उल्लेख किया कि आचार्य जी महाराज के श्रीमुख से प्रवाहित होने वाली श्रीमद्भागवत कथा समाज की युवा पीढ़ी को पुनः सनातन संस्कारों, नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना के मार्ग पर लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इस गरिमामय अवसर पर नेपाल और भारत के श्रद्धालुओं की ओर से बृहस्पति फाउंडेशन, नेपाल के प्रतिनिधि चंदन पंडित तथा हिंदू जागरण समाज, नेपाल के समाजसेवी विजय सर्राफ ने भी आचार्य जी महाराज का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। राम–कृष्ण प्रेमी भक्तजनों की उल्लेखनीय उपस्थिति में संपन्न इस कार्यक्रम ने सीमा क्षेत्र में सनातन धर्म, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना के संरक्षण एवं संवर्धन को नयी ऊर्जा प्रदान की है।












