Motihari |देशवाणी| आशा कुमारी|
मोतिहारी। पूर्वी चम्पारण के तुरकौलिया थाना क्षेत्र में जयसिंहपुर पूर्वी पंचायत के वार्ड संख्या 11 स्थित चीवटही चौक पर एक अंडा-भूंजा दुकान में आग लग जाने से नकद राशि सहित करीब दो लाख के सामान जलकर बर्बाद हो गये हैं। यह हादसा गैस सिलेंडर विस्फोट होने के कारण हुआ है। इस आगलगी में दुकानदार राजकिशोर चौधरी भी आंशिक रूप से जख्मी हुए हैं। थाना से दमकल की गाड़ी आने पर आग पर काबू पाया गया।
वार्ड सदस्य संजय कुमार यादव ने बताया कि चीवटही चौक पर राजकिशोर चौधरी अपनी दुकान चलाते हैं और वहीं रहते भी हैं। मंगलवार के दिन वे दुकान में आलूचाप बना रहे थे, इसी दौरान अचानक आग लग गयी। देखते ही देखते आग ने भयावह रूप ले लिया। आग बुझाने के प्रयास में दुकानदार भी जख्मी हो गये।
घटना की सूचना पर थाना से अग्निशमन दस्ता की टीम ने पहुँचकर आग बुझायी। हालांकि, टीम के पहुँचने से पहले ही दुकान का सारा सामान जलकर नष्ट हो चुका था। वार्ड सदस्य ने बताया कि दुकान में रखे नकद छह हजार रुपये सहित अन्य कीमती सामान जल गये हैं। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित दुकानदार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। जख्मी दुकानदार का इलाज निजी चिकित्सक के यहाँ कराया गया है।
Motihari | A cylinder explosion in an egg shop at Jaisinghpu Chivathi Chowk, Turkaulia caused a fireinjuring the shopkeeper.












