Motihari| अमन दीप|
सप्तक्रांति एक्सप्रेस से दिल्ली ले जाने की थी तैयारी, गिरफ्तार तीनों अभियुक्त पूर्वी चम्पारण में चिरैया व जितना के निवासी
मोतिहारी। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की पटना टीम ने बापूधाम मोतिहारी स्टेशन पर शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों की तस्करी के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को करारा झटका दिया है। आरपीएफ के सहयोग से चलाये गये इस विशेष अभियान में तीन तस्करों को करीब 4 किलो अफीम जैसे नारकेटिक्स के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। जब्त अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये बतायी जा रही है।
सटीक सूचना पर प्लेटफार्म संख्या 01 पर हुई छापेमारी-
एनसीबी के उप निरीक्षक प्रवीण कुमार को मुखबिरों से सटीक सूचना प्राप्त हुई थी कि तस्करों की एक टोली मादक पदार्थ की बड़ी खेप लेकर दिल्ली जाने वाली है। इस सूचना के आधार पर एनसीबी और आरपीएफ पोस्ट कमांडर भरत जायसवाल की संयुक्त टीम ने स्टेशन के आरएमएस (RMS) कार्यालय के समीप बेंच पर बैठे तीन संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद काले रंग के बैग से नीली और काली पॉलीथिन में रखी 4 किलो अफीम जब्त की गयी।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान-
पकड़े गये अभियुक्तों की पहचान आशुतोष कुमार (ग्राम रेंगनिया, थाना जीतना), मुकेश कुमार और उमाकांत यादव (दोनों ग्राम मोहद्दीपुर, थाना चिरैया) के रूप में हुई है। पूछताछ में इन अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे इस खेप को सप्तक्रांति एक्सप्रेस के माध्यम से आनंद विहार (नई दिल्ली) ले जाने की फिराक में थे।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने इस मामले में धारा 8(सी), 18(बी) और 29 एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत कांड संख्या 01/26 दर्ज किया है। पूरी कार्रवाई को इतने गोपनीय तरीके से अंजाम दिया गया कि स्टेशन पर मौजूद अन्य यात्रियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। टीम में सअनि शिव सागर यादव, बलराम महतो सहित पटना से आई एनसीबी की तीन सदस्यीय टीम शामिल थी।
Motihari | NCB Patna team raids Bapudham Motihari station: Three smugglers arrested with opium worth Rs 20 lakh












