Motihari | आशा कुमारी|
मिनी ईंधन फ़ैक्ट्री में छापेमारी, 3800 लीटर नकली तेल ज़ब्त, एक गिरफ्तार, बड़े नेटवर्क की आशंका-
पूर्वी चम्पारण जिले में नकली डीजल-पेट्रोल के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। हरसिद्धि थाना पुलिस ने सुगौली थाना क्षेत्र अंतर्गत छपवा-हरसिद्धि मुख्य मार्ग पर कांटी बनाने की फैक्ट्री के पास स्थित एक गोदाम में छापेमारी कर नकली ईंधन बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।
हरसिद्धि पुलिस ने नक़ली ईंधन फ़ैक्ट्री में छापेमारी कर 3800 लीटर तेल, केमिकल एवं उपकरण ज़ब्त किये हैं। मौक़े से एक संदिग्ध को गिरफ्तार को गिरफ़्तार किया गया है। पुलिस को बड़े नेटवर्क की आशंका है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने पाया कि गोदाम के अंदर नकली डीजल-पेट्रोल बनाने का काम धड़ल्ले से चल रहा है। पुलिस ने इस अवैध फ़ैक्ट्री से लगभग 3800 लीटर नकली डीजल, 30 से 35 लीटर केमिकल, डीजल तैयार करने वाले उपकरण, कई ड्रम, पाइप और अन्य उपकरण ज़ब्त किये हैं। इस दौरान एक व्यक्ति को मौके से गिरफ्तार किया गया है।
हालांकि उसका नाम और पता अब तक सत्यापित नहीं हो सका है। इस विशेष छापेमारी अभियान का नेतृत्व प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष ऋषभ कुमार ने किया। छापेमारी टीम में अपर थानाध्यक्ष संतोषी कुमारी, दारोगा अविनाश कुमार सहित दर्जनों की संख्या में सशस्त्र पुलिस बल शामिल थे। छापेमारी के दौरान पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। जिससे अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोग फरार न हो सकें।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह अवैध धंधा काफी समय से गुप्त रूप से संचालित किया जा रहा था। नकली डीजल-पेट्रोल को आसपास के ग्रामीण और शहरी इलाकों में खपाने की तैयारी थी। प्रारंभिक जांच में आशंका जतायी जा रही है कि इसके पीछे एक संगठित गिरोह सक्रिय है। जिसकी कड़ियां जिले के बाहर तक जुड़ी हो सकती हैं। ज़ब्त नकली डीजल, केमिकल और उपकरणों को हरसिद्धि थाना लाया गया है। जहां उनका विधिवत सत्यापन और जांच की जा रही है।
वहीं गिरफ्तार व्यक्ति से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
इस मामले में समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी थी। हालांकि पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की करवाही की जाएगी।
Motihari | Harsidhi | Police Raid at mini fuel factory, 3800 litres of spurious oil seized, one arrested












