नगर परिषद को 12 सूत्री मांग-पत्र सौंपा
रक्सौल।अनिल कुमार।गुरूवार को युवा सहयोग दल के एक प्रतिनिधिमंडल ने दल के अध्यक्ष चौहान साजन सिंघानिया के नेतृत्व में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी डा. मनीष कुमार को 12 सूत्री मांग-पत्र सौंपा। जिसमें नगर की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया। ज्ञापन में मांग किया गया कि पर्व-त्योहारों से पहले नगर के प्रमुख मार्गों, बाजारों, चौक-चौराहों एवं गली-मोहल्लों में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराई जाए तथा अंधेरे वाले स्थानों पर नई लाइटें लगाई जाएं। संगठन का कहना है कि पर्व-त्योहारों के दौरान बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है।ऐसे में पर्याप्त रोशनी और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था आवश्यक है। वही सभी वार्डों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, नालों की नियमित सफाई कराने, कूड़ा-कचरे का समय पर उठाव सुनिश्चित करने तथा जलजमाव वाले क्षेत्रों में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की गई।दल ने प्रमुख बाजारों में भीड़ को देखते हुए सुगम आवागमन, सभी वार्डों में आवश्यकतानुसार फॉगिंग एवं मच्छररोधी दवाओं का छिड़काव, सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई तथा रखरखाव की व्यवस्था करने, अतिक्रमण पर नियमानुसार कार्रवाई करने, नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निष्पादन की व्यवस्था सुनिश्चित करने सहित अन्य मांगें शामिल है।इस दौरान अध्यक्ष चौहान साजन सिंघानिया ने कहा कि पर्व-त्योहारों के दौरान नगरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है।इसके लिए नगर परिषद प्रशासन को समय रहते सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। मौके पर सूरज पटेल, सतीश केशरी, राजन जयसवाल, बिकेश कुमार, अमित यादव, रवि सर्राफ, अमित मिश्रा, कृष्ण कुमार, नीरज कुशवाहा सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।
फोटो -युवा सहयोग दल के एक प्रतिनिधिमंडल ने
नगर परिषद को 12 सूत्री मांग-पत्र सौंपा



