नेपाल से भारत में गांजा की खेप पहुंचाने की थी तैयारी, पूछताछ में खपाने की बात आई सामने
रक्सौल।अनिल कुमार।
नेपाल से भारत में गांजा की तस्करी किए जाने की सूचना पर स्थानीय पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से मोटरसाइकिल की सीट के नीचे बनाए गए गुप्त तहखाने में छिपाकर रखा गया करीब 7 किलो गांजा जैसा पदार्थ बरामद किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक पूछताछ में नेपाल के मकवानपुर से गांजा लाकर बिहार के विभिन्न इलाकों में बेचने की बात सामने आई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल की ओर से गांजा की एक खेप भारत आने वाली है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की गई। इसके लिए एसआई विकास कुमार पासवान, अजय कुमार सहित पुलिस जवानों की टीम गठित की गई। टीम को लक्ष्मीपुर चेक पोस्ट पर विशेष रूप से वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। पुलिस टीम द्वारा लक्ष्मीपुर चेक पोस्ट पर सघन वाहन जांच शुरू की गई। इसी दौरान नेपाल की ओर से भारत आ रही मोटरसाइकिल संख्या BR-05-AB-6389 पुलिस की नजर में आई। पुलिस ने मोटरसाइकिल को रोककर चालक एवं सवार से पूछताछ करने के बाद उसकी तलाशी शुरू की। सामान्य जांच के दौरान जब पुलिस ने मोटरसाइकिल की सीट की बारीकी से जांच की तो उसके नीचे बनाए गए एक गुप्त तहखाने का पता चला। तहखाने को खोलकर जांच करने पर उसमें छिपाकर रखा गया करीब 7 किलो गांजा जैसा पदार्थ बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल पर सवार दोनों लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दरपा थाना क्षेत्र के भूखलहिया गांव निवासी भगवान महतो कुशवाहा के पुत्र चंदेश्वर महतो कुशवाहा तथा नेपाल के पोखरिया थाना क्षेत्र के विश्रामपुर गांव निवासी काली राउत के पुत्र मदन राउत के रूप में हुई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजा की खेप नेपाल में किस व्यक्ति से ली गई थी और भारत में इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस नेटवर्क में और कितने लोग जुड़े हुए हैं, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस ने बरामद गांजा जैसे पदार्थ और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद सीमा क्षेत्र से गांजा तस्करी करने वाले लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
फोटो -सीट के नीचे बने तहखाने में छिपाकर ला रहे थे 7 किलो गांजा, लक्ष्मीपुर चेक पोस्ट पर पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा



