रामगढ़वा : रामगढ़वा के नरीरगिर ओवरब्रिज के पास एक सड़क हादसा हुआ, जहां एक तेज रफ्तार बाइक और ई-रिक्शा के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण टक्कर में बाइक सवार एक व्यक्ति बुरी तरह जख्मी हो गया है, जिसे फिलहाल होश नहीं आया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की 112 नंबर की टीम और एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य तेजी से करते हुए घायल व्यक्ति को इलाज के लिए तत्काल रामगढ़वा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां तैनात चिकित्सकों ने घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल रेफर कर दिया है।
इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है। समाचार लिखे जाने तक घायल व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस शिनाख्त करने और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।



