HomeBIHARमोतिहारीदुर्गा पूजा को लेकर सड़क पर उतरी पुलिस, शहर के प्रमुख चौक-चौराहों...

दुर्गा पूजा को लेकर सड़क पर उतरी पुलिस, शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर किया फ्लैग मार्च

*अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने का दिया संदेश

रक्सौल।अनिल कुमार। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने और शहर में विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में स्थानीय पुलिस की ओर से शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों एवं संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ ही पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।

फ्लैग मार्च का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद, प्रखंड विकास पदाधिकारी राज कुमार, अंचलाधिकारी अरविंद कुमार एवं रक्सौल थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो ने संयुक्त रूप से किया। पुलिस अधिकारियों की अगुवाई में निकला फ्लैग मार्च थाना परिसर से शुरू हुआ और शहर के मुख्य पथ, पोस्ट ऑफिस चौक, बाटा चौक, स्टेशन रोड, ब्लॉक रोड, कौड़िहार चौक, लक्ष्मीपुर एवं कोइरिया टोला सहित विभिन्न इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने शहर के प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता का संदेश दिया। दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़, पूजा पंडालों में उमड़ने वाले लोगों तथा सड़कों पर बढ़ने वाली गतिविधियों को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है। फ्लैग मार्च का उद्देश्य लोगों के बीच सुरक्षा की भावना मजबूत करना तथा असामाजिक तत्वों को यह संदेश देना है कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस प्रशासन की इस पहल से दुर्गा पूजा के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियों को बल मिला है। अधिकारियों ने विभिन्न इलाकों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी के माध्यम से यह संदेश दिया कि पर्व के दौरान सभी लोग आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और शांति के साथ त्योहार मनाएं। फ्लैग मार्च में अंशुली आर्य, जेबा प्रवीन, शंभू कुमार साह, दीपक कुमार गिरि, राकेश कुमार, आशनारायण यादव सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल रहे।

फोटो -दुर्गा पूजा को लेकर सड़क पर उतरी पुलिस, शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर किया फ्लैग मार्च

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular