HomeBIHARमोतिहारीएसएसबी ने लगाया निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर, ग्रामीणों को मिली उपचार की...

एसएसबी ने लगाया निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर, ग्रामीणों को मिली उपचार की सुविधा

पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ दवाओं का वितरण, पशुपालकों को टीकाकरण और बीमारी से बचाव की दी गई जानकारी

देश वाणी। माला सिन्हा।

पीपराकोठी। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की ओर से सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों को पशु चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को जीवंत ग्राम चंद्रमन में निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। समवाय कोरैया के कार्यक्षेत्र अंतर्गत आयोजित इस शिविर का नेतृत्व सीमांत मुख्यालय, पटना के कमांडेंट (पशु चिकित्सा) डॉ. विचार नेमा ने किया।

पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर बांटी गईं दवाएं

शिविर में सीमावर्ती क्षेत्र के बड़ी संख्या में पशुपालकों ने अपने पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार के लिए भाग लिया। इस दौरान पशुओं की जांच कर बीमार पशुओं का आवश्यकतानुसार निःशुल्क उपचार किया गया। साथ ही, पशुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आवश्यक दवाओं का भी निःशुल्क वितरण किया गया।

पशुओं की बीमारियों से बचाव के बताए उपाय

शिविर में ग्रामीणों को पशुओं में होने वाली विभिन्न बीमारियों के लक्षण, उनके उपचार और बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पशुपालकों को बताया गया कि पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए समय पर टीकाकरण, नियमित स्वास्थ्य जांच और बीमारियों के शुरुआती लक्षणों की पहचान बेहद जरूरी है।

संतुलित आहार और साफ-सफाई पर दिया जोर

इस अवसर पर डॉ. विचार नेमा ने पशुपालकों से संवाद करते हुए पशुओं के उचित रख-रखाव, संतुलित आहार, स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने पशुओं में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर शीघ्र उपचार कराने तथा संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी।

एसएसबी की इस पहल से सीमावर्ती क्षेत्र के पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार की सुविधा मिली। साथ ही, पशुओं के बेहतर प्रबंधन एवं रोगों से बचाव के प्रति ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ाने में भी मदद मिली।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular