-भूमि, सिंचाई, फसल एवं बीमा की ली जानकारी, सामुदायिक सुविधाओं का भी किया आकलन
माला सिन्हा
पीपराकोठी : कृषि विज्ञान केंद्र के विद्यार्थियों ने मझरिया एवं झखरा गांव का भ्रमण कर रविवार को किसानों से कृषि संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाईं. शैक्षणिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण के तहत आयोजित सर्वेक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने किसानों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी कृषि व्यवस्था और खेती से जुड़ी समस्याओं को समझने का प्रयास किया. सर्वेक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने किसानों की भूमि की स्थिति, सिंचाई के साधन, विभिन्न मौसमों में उगाई जाने वाली प्रमुख फसलों तथा फसल बीमा से संबंधित जानकारी एकत्र की. विद्यार्थियों ने किसानों से खेती में आने वाली परेशानियों, उपलब्ध संसाधनों और कृषि कार्यों के दौरान अपनाई जा रही तकनीकों के बारे में भी जानकारी ली. इसके साथ ही विद्यार्थियों ने गांव की सामाजिक एवं सामुदायिक व्यवस्था का भी जायजा लिया. गांव में उपलब्ध विद्यालय, मंदिर, अस्पताल, आंगनवाड़ी केंद्र, एंबुलेंस समेत अन्य सार्वजनिक सुविधाओं की स्थिति एवं उपलब्धता से संबंधित आंकड़े संकलित किए गए. विद्यार्थियों ने बताया कि इस प्रकार के सर्वेक्षण से उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक परिस्थितियों को नजदीक से समझने का अवसर मिलता है. इससे किसानों की जरूरतों, कृषि संसाधनों और गांव में उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति का समग्र आकलन करने में मदद मिलती है. सर्वेक्षण का मुख्य उद्देश्य गांव की कृषि व्यवस्था, किसानों की आवश्यकताओं तथा उपलब्ध सामुदायिक सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का अध्ययन कर प्राप्त जानकारी को व्यवस्थित रूप से संकलित करना था. विद्यार्थियों के इस प्रयास से उन्हें किताबी ज्ञान के साथ-साथ ग्रामीण कृषि व्यवस्था का व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त हुआ.



