देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। बापूधाम मोतिहारी टीटीई स्क्वायड ने स्टेशन पर बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों पर नकेल कसने के लिए विशेष सघन जांच अभियान शुरू किया है। सीनियर डीसीएम अनन्या स्मृति के निर्देश पर डीसीएम हरकिशोर भक्ता के नेतृत्व में बुधवार को 191 यात्रियों को पकड़ा गया। अभियान के दौरान स्टेशन परिसर और विभिन्न ट्रेनों में व्यापक स्तर पर जांच की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 191 यात्रियों से मौके पर ही ₹30,350 का जुर्माना वसूला गया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने 46 बिना टिकट यात्रा कर रहे यात्रियों को पकड़कर उनसे ₹23,000 का जुर्माना वसूला, जबकि बिना बुकिंग कराए मान्य सीमा से अधिक वजन का सामान ले जा रहे 147 यात्रियों से ₹7,350 का जुर्माना प्राप्त किया गया। इस विशेष जांच टीम में स्क्वायड प्रभारी सुधीर कुमार मिश्रा, चल टिकट निरीक्षक रणधीर कुमार चौधरी, विजेंद्र मिश्रा, राकेश कुमार, रमेश कुमार के अलावा आरपीएफ के एएसआई शैलेंद्र कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल विजय कुमार सिंह और रामायण महतो सहित अन्य सुरक्षा बल मौजूद रहे। रेल प्रशासन ने यात्रियों से उचित टिकट लेकर और सामान की विधिवत बुकिंग कराकर ही यात्रा करने की अपील की है।




