सीमावर्ती क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि पर सतत निगरानी, संयुक्त छापामारी अभियान संचालन पर सहमति
देशवाणी
बेतिया: रबी (वासंतिक फसल) के दृष्टिगत ठंढ़ी के मौसम में किसानों को सरकार के निर्धारित मूल्य पर उर्वरक की सहज व सुलभ उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी एवं तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से दिनांक 28 नवम्बर 2026 शनिवार को जिला कृषि पदाधिकारी पश्चिम चम्पारण एवं सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), नरकटियागंज के पदाधिकारियों में समन्वय बैठक सम्पन्न हुई। जिसमें सीमावर्ती क्षेत्रों के माध्यम से उर्वरकों की तस्करी पर रोक लगाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस क्रम में सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने, तस्करी से सम्बंधित सूचना का त्वरित आदान-प्रदान करने तथा कृषि विभाग एवं एसएसबी के बीच समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। बैठक में उर्वरकों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण एवं जमाखोरी के विरुद्ध संयुक्त सघन जाँच एवं छापामारी अभियान संचालन करने की रणनीति पर विचार-विमर्श भी किया। सीमावर्ती क्षेत्र में उर्वरकों के परिवहन एवं व्यापार में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने पर बल दिया।
पदाधिकारियों ने उर्वरक की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया, जिससे किसानों को यूरिया सहित अन्य उर्वरक सरकार के निर्धारित मूल्य पर पर्याप्त मात्रा में एवं सुगमतापूर्वक उपलब्ध हो सकें। उपर्युक्त बैठक का मुख्य उद्देश्य कृषि विभाग एवं एसएसबी के बीच समन्वय स्थापित कर उर्वरक की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण करना तथा रबी मौसम में किसानों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करना है।



