HomeBIHARमोतिहारीबापूधाम मोतिहारी स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन और विकास कार्यों का महाप्रबंधक ने...

बापूधाम मोतिहारी स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन और विकास कार्यों का महाप्रबंधक ने लिया जायजा

  • अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों का किया निरीक्षण
  • सर्कुलेटिंग एरिया में अवैध रास्ते को बंद करने का दिया निर्देश
  • छठ के बाद यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं की परखी गईं परतें

  • प्राइमरी स्कूल और कुली भवन को शिफ्ट करने के          लिए कहा

देश वाणी। दिलीप दुबे

मोतिहारी। पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक डिंपी गर्ग बुधवार को विशेष ट्रेन से विंडो निरीक्षण करते हुए बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन पहुंचे तथा स्टेशन का औचक जायजा लिया। छठ पर्व के बाद स्टेशनों पर उमड़ने वाली यात्रियों की भीड़ के कुशल प्रबंधन और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने के लिए यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण रहा।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने प्लेटफार्म संख्या-2 पर यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए होल्डिंग एरिया का मुआयना किया, जहां की व्यवस्थाओं से वे संतुष्ट नजर आए। हालांकि, स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया से कुछ घरों तक जाने वाले अनाधिकृत रास्ते को देखकर वे भड़क उठे। उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से इसे खतरनाक बताते हुए तत्काल प्रभाव से इस रास्ते को बंद कर चहारदीवारी बनवाने का सख्त निर्देश दिया।

विकास कार्यों में तेजी और अधिकारियों को फटकार

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बापूधाम मोतिहारी स्टेशन को विश्वस्तरीय स्वरूप देने का कार्य तेजी से चल रहा है। इसी क्रम में महाप्रबंधक ने स्टेशन के सामने बने रेलवे प्राइमरी विद्यालय, कुली भवन और साइकिल स्टैंड को अन्यत्र शिफ्ट करने के निर्देश दिए ताकि निर्माण कार्यों में कोई बाधा न आए। इस बीच, स्टेशन के यूरिनल में गंदगी मिलने पर उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और साफ-सफाई में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।

जीवधारा वाशिंग पिट का कार्य जल्द होगा पूरा

निरीक्षण के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए महाप्रबंधक डिंपी गर्ग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत स्टेशन पर यात्रियों के लिए आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाएं जुटाई जा रही हैं। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि जीवधारा स्थित वाशिंग पिट का बचा हुआ कार्य जल्द पूरा कर चालू कर दिया जाएगा, जिससे मोतिहारी से ट्रेनों के रख-रखाव और संचालन में काफी सुविधा होगी।

इस उच्चस्तरीय निरीक्षण के दौरान समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश, आरपीएफ के आईजी अमरेश कुमार, कमांडेंट विनीत कुमार सहित हाजीपुर और समस्तीपुर मंडल के कई वरीय अधिकारी, डीसीआई एचके भक्ता स्टेशन अधीक्षक राजीव कुमार, टीआई बिनोद कुमार, आरपीएफ पोस्ट कमांडर भरत प्रसाद, सब इंस्पेक्टर गोकुलेश पाठक तथा अन्य प्रमुख रेलकर्मी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular