-
तुलसी विवाह से सजेगा हर आंगन, शालिग्राम और तुलसी के गठबंधन से होगी मांगलिक कार्यों की शुरुआत
• मंदिरों में तुलसी विवाह, दीपोत्सव और शोभायात्रा की भव्य तैयारियां
देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। चार महीने की लंबी प्रतीक्षा के बाद आखिरकार वह पावन घड़ी आ गई है, जब क्षीरसागर में योगनिद्रा में लीन जगत के पालनहार भगवान विष्णु जागेंगे। कार्तिक शुक्ल एकादशी यानी देवोत्थान एकादशी का महापर्व सनातन संस्कृति में नए सवेरे और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। इसी के साथ सभी रुके हुए मांगलिक कार्यों और शहनाई के सुरों के गूंजने का दौर पुनः आरंभ हो जाएगा।
श्री मां विंध्यवासिनी यज्ञ सेना अनुष्ठान केंद्र, मोतिहारी के प्रमुख विप्र ब्रजेश जी ने पर्व की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आषाढ़ शुक्ल एकादशी को भगवान विष्णु के शयन में जाने से मानो सृष्टि की गति थम जाती है। कार्तिक एकादशी पर उनके जागने से धर्म, कर्म और मंगल कार्यों का श्रीगणेश होता है, इसलिए इसे ‘देवउठनी एकादशी’ कहा जाता है।
तुलसी विवाह: घर-परिवार को संस्कारों से जोड़ने का महायज्ञ
इस महापर्व का सबसे आकर्षक केंद्र तुलसी विवाह होता है, जो किसी बेटी की बारात और कन्यादान के भाव से परिपूर्ण होता है। घरों और मंदिरों के आंगनों में तुलसी को लाल साड़ी, सिंदूर, मेहंदी और फूलों से दुल्हन की तरह सजाया जाता है। शालिग्राम रूपी भगवान विष्णु और माता तुलसी का यह पावन परिणय घर-परिवार को संस्कारों से जोड़ने का एक महायज्ञ है। मान्यता है कि जिस घर में यह अनुष्ठान होता है, वहां कभी दरिद्रता और कलह नहीं ठहरती तथा सुख-समृद्धि का वास होता है।
मंदिरों में विशेष तैयारी और सांस्कृतिक उल्लास
शहर में देवोत्थान एकादशी और तुलसी विवाह को लेकर स्थानीय मंदिरों और श्रद्धालुओं में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। शहर के कुछ मंदिरों में तुलसी विवाह का आयोजन किया जाता है, जहाँ पारंपरिक रस्में हर्षोल्लास से पूरी की जाती हैं। एकादशी की संध्या पर मंदिरों के साथ-साथ शहर के हर घर का आंगन दीपों की रोशनी से जगमगा उठता है और पूरी रात हरिनाम संकीर्तन का दौर चलता है।
शुभ मुहूर्त एवं विशेष निर्देश
विद्वानों के अनुसार, इस वर्ष एकादशी तिथि 19 नवंबर की रात्रि 2 बजे से आरंभ होकर 20 नवंबर की रात्रि 2 बजे तक है। तुलसी विवाह का अनुष्ठान दोपहर 2:25 बजे से पूर्व संपन्न करना अत्यंत श्रेष्ठ रहेगा, जबकि व्रत का पारण 21 नवंबर की सुबह किया जाएगा। आधुनिकता की दौड़ में लोग मंदिरों तक सीमित हो रहे हैं, किंतु देवोत्थान एकादशी का यह पर्व हमें संदेश देता है कि हमें भगवान को केवल मंदिरों में नहीं, बल्कि अपने आंगन और संस्कारों में भी जीवंत रखना होगा।



