मोतिहारी: पूर्वी चंपारण जिला के लखौरा में पत्नी की हत्या के आरोपी पति के घर के सामने मृतका के परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान मौके पर लोगों की काफी भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते 14 नवंबर की रात ढाका थाना क्षेत्र के करसहिया गांव के रहने वाले भगत प्रसाद कुशवाहा ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी पुत्री रंगीता कुमारी को उसके पति कुंदन कुमार ने फोन कर घर के पास बुलाया था।लेकिन वह वापस नहीं लौटी है। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और एसआईटी का गठन किया।
सिकरहना डीएसपी अभिषेक कुमार ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पति कुंदन कुमार को सूचना मिलने के 48 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार कुंदन से पूछताछ की गई। तब पूछताछ में उसने अपनी पत्नी की हत्या कर शव को गड्ढे में छिपाने की बात स्वीकार की। शव को गड्ढा से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फिर परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतका के परिजन शव को लेकर उसके पति के घर लखौरा पहुंचे और उसके घर के सामने मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया। हालांकि,इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने उसका विरोध नहीं किया।



