HomeBIHARमोतिहारीभारत विकास परिषद ने 251 छठ व्रतियों के बीच वितरित की पूजन...

भारत विकास परिषद ने 251 छठ व्रतियों के बीच वितरित की पूजन सामग्री

*सेवा और समर्पण के भाव से आयोजित कार्यक्रम में नारियल एवं अगरबत्ती सहित अन्य पूजन सामग्री भेंट कर व्रतियों का किया सम्मान

रक्सौल।अनिल कुमार। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता की भावना को आत्मसात करते हुए पुराना एक्सचेंज रोड स्थित मौजे चौक पर भारत विकास परिषद, शाखा रक्सौल की ओर से शनिवार को छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान 251 छठ व्रतियों को श्री फल नारियल, अगरबत्ती, बिन्दी, सिंदूर एवं माचिस सहित अन्य आवश्यक पूजन सामग्री प्रदान की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत विकास परिषद शाखा रक्सौल के अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी ने की, जबकि संचालन कार्यक्रम संयोजक विनोद कुमार ने किया।

इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, लोक आस्था, पवित्रता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अद्भुत प्रतीक है। यह पर्व हमें स्वच्छता, अनुशासन, समर्पण और सामाजिक एकता का संदेश देता है। छठ व्रतियों की सेवा एवं सहयोग करना परिषद के लिए सौभाग्य की बात है। भारत विकास परिषद सदैव ‘नर सेवा नारायण सेवा’ के भाव के साथ समाज के जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है।

परिषद के सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ एवं संगठन सचिव अजय कुमार ने संयुक्त रूप से कहा कि छठ जैसे पावन पर्व पर व्रतियों के बीच पूजन सामग्री का वितरण केवल सहयोग का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक सहभागिता और सेवा-संस्कार का परिचायक है। परिषद भविष्य में भी इस तरह के सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी।

वहीं पर्यावरण संयोजक विजय कुमार साह, दिनेश प्रसाद एवं अरविंद जायसवाल ने संयुक्त रूप से कहा कि भारतीय संस्कृति में पर्व-त्योहार समाज को जोड़ने और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करने का माध्यम हैं। छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री वितरित कर परिषद ने सेवा और समर्पण की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाया है।

कार्यक्रम संयोजक विनोद कुमार ने बताया कि वे वर्ष 2013 से लगातार प्रत्येक वर्ष छठ महापर्व के अवसर पर व्रतियों के बीच पूजन सामग्री का वितरण करते आ रहे हैं। उन्होंने इस सेवा कार्य में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में परिषद के विनोद कुमार, बिमल कुमार सर्राफ, सुनील कुमार, विजय कुमार साह, अजय कुमार, दिनेश प्रसाद, अरविंद जायसवाल, प्रतीक कुमार, रीता देवी, विशाल कुमार एवं सूरज कुमार उर्फ बंटी समेत अन्य सदस्यों की सराहनीय सहभागिता रही।

इसकी जानकारी परिषद के सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ ने दी है।

फोटो-भारत विकास परिषद ने 251 छठ व्रतियों के बीच वितरित की पूजन सामग्री

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular