HomeBIHARमोतिहारीछठ बाद यात्रियों की भीड़ से निपटने के लिए रक्सौल स्टेशन पर...

छठ बाद यात्रियों की भीड़ से निपटने के लिए रक्सौल स्टेशन पर बनेगा अस्थायी होल्डिंग सेंटर

*डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने किया रक्सौल स्टेशन का निरीक्षण, यात्रियों के लिए शौचालय सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश

*रक्सौल से पटना के लिए जल्द शुरू हो सकती है नई इंटरसिटी एक्सप्रेस, परिचालन की प्रक्रिया जारी

रक्सौल।अनिल कुमार। छठ महापर्व के बाद ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने रक्सौल जंक्शन पर विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। यात्रियों की सुविधा और स्टेशन परिसर में भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से स्टेशन पर अस्थायी होल्डिंग सेंटर बनाया जा रहा है। इस सेंटर में रेल यात्रियों के लिए पेयजल, शौचालय सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। उक्त बातें पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ज्योति प्रकाश मिश्रा ने बुधवार को रक्सौल जंक्शन का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि छठ पूजा के बाद बड़ी संख्या में यात्रियों के स्टेशन पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए रेलवे प्रशासन की ओर से पहले से ही आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। इस संबंध में रेलवे बोर्ड की ओर से दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिनसे संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अवगत करा दिया गया है।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्थानीय रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि अस्थायी होल्डिंग सेंटर के समीप पोर्टेबल टॉयलेट की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भीड़ के दौरान यात्रियों को शौचालय की सुविधा के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़े। उन्होंने यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने का निर्देश दिया।

अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों का लिया जायजा

डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रक्सौल जंक्शन पर चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों का भी बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति देखकर डीआरएम संतुष्ट नजर आए।

रक्सौल से पटना के लिए जल्द चलेगी नई इंटरसिटी ट्रेन!

रक्सौल से पटना के लिए नई इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन के परिचालन को लेकर पूछे गए सवाल पर डीआरएम ने सकारात्मक संकेत देते हुए कहा कि इस दिशा में प्रक्रिया चल रही है। नई ट्रेन के परिचालन में कुछ समय लगता है, लेकिन उम्मीद है कि जल्द ही रक्सौल से पटना के लिए नई इंटरसिटी एक्सप्रेस का परिचालन शुरू होगा। इससे रक्सौल सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को पटना आने-जाने में काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है।

निरीक्षण कार्यक्रम समाप्त होने के बाद डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा विशेष निरीक्षण यान से घोड़ासहन के लिए रवाना हो गए, जहां उन्हें एक कार्यक्रम में शामिल होना था।

मौके पर स्टेशन अधीक्षक अजय कुमार, यातायात निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार, आरपीएफ बल पोस्ट रक्सौल के प्रभारी निरीक्षक ऋतुराज कश्यप, जीआरपी थानाध्यक्ष संजीव कुमार, आईओडब्ल्यू श्रवण कुमार सहित अन्य रेलकर्मी मौजूद थे।

फोटो -छठ बाद यात्रियों की भीड़ से निपटने के लिए रक्सौल स्टेशन पर बनेगा अस्थायी होल्डिंग सेंटर

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular