देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। भारतीय रेलवे यात्रियों की सुविधा और समय-सारणी के बेहतर प्रबंधन के तहत लगातार अहम बदलाव कर रहा है। इसी कड़ी में रेलवे द्वारा एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया गया है, जिसके तहत पूर्व-मध्य रेलवे क्षेत्र से गुजरने वाली और यहां से संचालित होने वाली कई प्रमुख सुपरफास्ट ट्रेनों को नॉन-सुपरफास्ट श्रेणी में तब्दील कर दिया गया है। इन ट्रेनों के परिचालन में न केवल श्रेणियों का बदलाव हुआ है, बल्कि इनके ट्रेन नंबर और परिचालन की तिथियों में भी संशोधन किया गया है। इस बड़े बदलाव के तहत मोतिहारी, सुगौली, रक्सौल और नरकटियागंज सहित उत्तर बिहार के यात्रियों से जुड़ी प्रमुख ट्रेनों पर भी सीधा असर पड़ा है।
इस फेरबदल में रेलवे ने गाड़ी संख्या 12545/12546 रक्सौल-लोकमान्य तिलक टर्मिनल कर्मभूमि एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 12557/12558 मुजफ्फरपुर-आनंद विहार सप्तक्रांति एक्सप्रेस और गाड़ी संख्या 22551/22552 दरभंगा-जयनगर अंत्योदय एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों को नए स्वरूप में पटरियों पर उतारा जा रहा है। नेपाल सीमा से सटे चंपारण के महत्वपूर्ण रक्सौल जंक्शन से मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनल के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 12545 रक्सौल-एलटीटी अब नॉन-सुपरफास्ट श्रेणी के तहत नए ट्रेन नंबर 15545 के साथ आगामी 07 जनवरी 2027 से पटरियों पर दौड़ेगी। एलटीटी से रक्सौल की ओर आने वाली ट्रेन संख्या 12546 बदलकर 15546 नंबर के साथ 02 जनवरी 2027 से अपने निर्धारित समय और नए स्वरूप में यात्रियों को सेवा देगी।
इसी प्रकार, मुजफ्फरपुर से आनंद विहार के बीच चलने वाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 12557 अब संशोधित होकर नॉन-सुपरफास्ट श्रेणी में नए ट्रेन नंबर 15577 के साथ 01 जनवरी 2027 से अपनी यात्रा शुरू करेगी। वहीं आनंद विहार से मुजफ्फरपुर आने वाली ट्रेन संख्या 12558 अब 15578 नंबर से 01 जनवरी 2027 से ही संचालित की जाएगी। इसके अलावा, मिथिलांचल के प्रमुख केंद्र दरभंगा और जयनगर के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 22551 अब बदलकर नॉन-सुपरफास्ट श्रेणी में नए ट्रेन नंबर 15541 के साथ 02 जनवरी 2027 से चलाई जाएगी। वहीं जयनगर से दरभंगा आने वाली ट्रेन संख्या 22552 अब नए ट्रेन नंबर 15542 के साथ 03 जनवरी 2027 से पटरियों पर उतरेगी। इन प्रमुख रूटों पर रोजाना सफर करने वाले हजारों यात्रियों के लिए यह एक बड़ा अपडेट है, जिससे उन्हें अपनी यात्रा की योजना नए नंबरों के आधार पर तय करनी होगी।
इन विशेष ट्रेनों के अलावा, रेलवे द्वारा जारी सूची के मुताबिक देश और क्षेत्र के अन्य महत्वपूर्ण रूट्स की कई अन्य ट्रेनों के नंबर और श्रेणियां भी बदली गई हैं। रेल प्रशासन ने सभी संबंधित स्टेशनों और जोनल अधिकारियों को इन बदलावों की सूचना दे दी है ताकि यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।



