-नेताओं ने पुरानी पेंशन योजना और रेल कर्मचारियों के हितों के लिए संघर्ष जारी रखने का किया आह्वान
-मंडलीय रेलवे अस्पताल की बदहाल व्यवस्था और चिकित्सा संबंधी समस्याओं पर जताई गई गहरी चिंता
देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन के बापूधाम मोतिहारी शाखा का त्रिवार्षिक अधिवेशन रविवार को संगठनात्मक चुनाव के बीच संपन्न हुआ। अधिवेशन में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें कॉ. बिपिन कुमार को शाखा अध्यक्ष तथा कॉ. कृष्णचंद्र प्रसाद को शाखा सचिव पद पर निर्विरोध निर्वाचित किया गया। लगभग 225 रेल कर्मचारियों की उपस्थिति वाले इस अधिवेशन में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं इसीआरकेयू के महामंत्री कॉ. एसएनपी श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना सहित सभी देय सुविधाएं दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने समस्तीपुर मंडलीय रेलवे अस्पताल की वर्तमान स्थिति पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि स्थानीय खरीद, चिकित्सा रेफरल और सेंट्रल हॉस्पिटल, पटना में ओपीडी पर्चा बनवाने में कर्मचारियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
केंद्रीय कोषाध्यक्ष कॉ. मिथिलेश कुमार ने आश्वस्त किया कि रेल कर्मचारियों को अनावश्यक परेशान किए जाने पर मंडल से लेकर महाप्रबंधक कार्यालय, हाजीपुर तक कड़ा संघर्ष किया जाएगा। मंडलमंत्री कॉ. मनोज कुमार ने कहा कि अस्पताल की बिगड़ती व्यवस्था और प्रभारी सीएमएस की कार्यशैली के कारण कर्मचारियों का भरोसा कम हो रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर सुशील कुमार, मंधार राम, शाखा सचिव अजय यादव, उमेश कुमार, विपिन कुमार प्रसाद, विनोदानंद भारती, अशोक कुमार, मुकेश कुमार, धीरज शिवम, कुंदन कुमार, कृष्ण कुमार पासवान, धीरेंद्र कुमार, अरमान आलम और दयानंद कुमार सहित बड़ी संख्या में यूनियन पदाधिकारी एवं रेल कर्मी मौजूद रहे।



