मोतिहारी। इनर व्हील क्लब ऑफ बापूधाम मोतिहारी की ओर से दीपावली एवं छठ पर्व के उल्लास को साझा करने के उद्देश्य से 31 अक्टूबर 2026 को आर.सी. वाटिका, बरियारपुर में भव्य ‘प्री-दिवाली मीट – दीपोत्सव’ कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया गया। समारोह में भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और आपसी प्रेम व सद्भाव की खूबसूरत झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं क्लब की सदस्यों द्वारा सामूहिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद नीलम वर्मा, पुतुल सिन्हा एवं तृप्ति सिंह ने गणेश वंदना की मनमोहक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में कुमकुम शुक्ला एवं रागिनी सिंह द्वारा भगवान श्रीराम और माता सीता के आगमन की आकर्षक झांकी प्रस्तुत की गई। वहीं, गोवर्धन पूजा एवं लोक आस्था के महापर्व छठ पर आधारित झांकियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और पारंपरिक विरासत को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया गया।
समारोह में क्लब की संरक्षिका मीरा सिंह, सीजीआर रंजीता गुप्ता, पीपी धीरा गुप्ता, डॉ. प्रिया, प्रियंका सरकार, माला कुमारी, रितु कुमार, नेहा नूपुर, अदिति, कुमकुम शुक्ला, रागिनी सिंह एवं आरती वर्मा सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर क्लब की सदस्य मनीषा गौरव ने एकल नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी। वहीं, रंजीता गुप्ता, पुतुल सिन्हा एवं धीरा गुप्ता द्वारा मनोरंजक खेलों का आयोजन कराया गया। प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रंगारंग डांडिया धमाल रहा, जिसमें क्लब की सभी सदस्याओं ने संगीत की मधुर धुनों पर उत्साहपूर्वक भाग लिया। सामूहिक नृत्य, खेल और दीपोत्सव की गतिविधियों ने समारोह को यादगार बना दिया।
समारोह की संयोजिका नीलम वर्मा ने मंच संचालन किया। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और गतिविधियों का सुंदर समन्वय किया। कार्यक्रम के माध्यम से महिला सहभागिता, आपसी एकता, प्रेम और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में क्लब की अध्यक्ष आरती वर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाली सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए दीपावली एवं छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद सभी सदस्याओं ने सामूहिक रूप से रात्रिभोज का आनंद लिया।
इस अवसर पर क्लब की संरक्षिका मीरा सिंह ने कहा कि दीपोत्सव समारोह उत्सव, उमंग, भारतीय संस्कृति और सखियों के आपसी स्नेह का यादगार संगम बना। कार्यक्रम को सफल बनाने में रंजीता गुप्ता, धीरा गुप्ता, पुतुल सिन्हा, नीलम वर्मा, डॉ. प्रिया, प्रियंका सरकार, नूपुर, रितु कुमार सहित क्लब की सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।



