Bettiah, रवि कुमार मिश्रा।
बेतिया/नरकटियागंज। अनुमंडल प्रशासन ने मिलावटखोरों और साफ-सफाई में लापरवाही बरतने वाले दुकानदारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को नगर के करीब आधा दर्जन प्रमुख मिठाई दुकानों में औचक छापेमारी कर अधिकारियों ने खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता की जांच की और साफ-सफाई का जायजा लिया। इस दौरान प्रशासन की सख्ती देख दुकानदारों में हड़कंप मच गया और कई दुकानदार जांच की भनक लगते ही अपनी दुकानें बंद कर मौके से फरार हो गए। छापेमारी अभियान का नेतृत्व एसडीएम अभिजीत कुमार गोविंदा ने किया। उनके साथ बीडीओ सूरज कुमार सिंह समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल भी मौजूद रहे। एसडीएम अभिजीत कुमार गोविंदा ने बताया कि क्षेत्र की मिठाई दुकानों में मिलावटी पेय पदार्थ और बिना मानक के खाद्य सामग्रियों की बिक्री किए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसीन शिकायतों के आधार पर यह औचक जांच अभियान चलाया गया है। इस दौरान कई दुकानों पर मिठाइयों की गुणवत्ता की मौके पर ही जांच की गई। एसडीएम ने सभी दुकानदारों को स्पष्ट और कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि खुले में किसी भी खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं की जाए। मिठाई और अन्य खाने-पीने की सभी वस्तुओं को ढककर सुरक्षित रखा जाए। उन्होंने नियमों का उल्लंघन करने और मिलावटी मिठाइयां बेचने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात कही। वही बीडीओ सूरज कुमार सिंह ने कहा कि खुले में रखी खाद्य सामग्री मक्खी-मच्छरों और धूल-मिट्टी के कारण दूषित हो जाती है, जो गंभीर बीमारियों का कारण बन सकती है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार की लापरवाही पर रोक लगाने के लिए आगे भी लगातार जांच अभियान चलाकर दुकानदारों को जागरूक और सतर्क किया जाएगा।



